हार से आहत होकर सपा नेता ने विधान भवन के सामने किया आत्मदाह का प्रयास ,हालत गंभीर

Facebook
X
WhatsApp

विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी को प्रचंड बहुमत मिलने से आहत कानपुर नगर सपा उपाध्यक्ष नरेंद्र सिंह उर्फ पिंटू ने आत्मदाह करने का प्रयास किया। गुरुवार दोपहर उन्होंने लोकभवन गेट नम्बर दो के पास खुद को आग लगा ली। चुनावी जीत के माहौल में विपक्षी दल के नेता के इस कदम से हड़कंप मच गया। आनन-फानन में पुलिस कर्मियों ने नरेंद्र को सिविल अस्पताल में पहुंचाया। जहां उनकी हालत पर डॉक्टर नजर रखे हुए हैं।

सिविल लाइंस घनकुटी निवासी नरेंद्र सिंह उर्फ पिंटू समाजवादी पार्टी कानपुर नगर में उपाध्यक्ष हैं। गुरुवार को विधानसभा चुनाव का परिणाम आना था। नरेंद्र को भरोसा था कि इस बार उनकी पार्टी बहुमत हासिल कर सत्ता संभालेगी। लेकिन ऐसा नहीं हो सका। सुबह मतगणना शुरू होने के साथ ही रुझान भारतीजय जनता पार्टी के पक्ष में आने लगे। नरेंद्र पार्टी की जीत का भरोसा लेकर लखनऊ आया था। लेकिन नतीजे विपरीत होते देख उसका सब्र जवाब दे गया। नरेंद्र एक परिचित के साथ लोकभवन गेट नम्बर दो के पास पहुंच गया। वहां उसने खुद पर सेनिटाइजर छिड़क लिया और देखते ही देखते आग लगा ली। लपटों में युवक को घिरे देख राहगीरों ने शोर मचा दिया। इस पर सुरक्षा ड्यूटी में तैनात पुलिस कर्मी भी पहुंच गए। इंस्पेक्टर श्याम बाबू शुक्ल के मुताबिक नरेंद्र को इलाज के लिए सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। डॉक्टरों के मुताबिक वह 40 प्रतिशत तक झुलस गया है। इसलिए हालत गम्भीर है।

विधानभवन के पास बीते छह महीने में कई लोग आत्मदाह करने का प्रयास कर चुके हैं। इसे देखते हुए लोकभवन से लेकर जीपीओ चौराहे तक विशेष तौर पर पुलिस कर्मी तैनात रहते हैं। जिनके जिम्मे ऐसे ही हादसों को रोकना है। लेकिन गुरुवार को भाजपा की जीत का जश्न मनाने के लिए बड़ी संख्या में कार्यकर्ता पार्टी कार्यालय पर जमा हुए थे। ऐसे में भीड़ को नियंत्रित करने में पुलिस से चूक हो गई। जिसकी वजह से ही नरेंद्र सिंह ने खुद को आग लगा ली।

The specified slider does not exist.

ताजा खबरें