भारतीय टीम को महिला वर्ल्ड कप में दूसरी हार झेलनी पड़ी. इंग्लैंड ने माउंट माउंगानुई में बुधवार को खेले गए मुकाबले में भारतीय महिला टीम को 4 विकेट से मात दी. मिताली राज की कप्तानी वाली भारतीय टीम बल्लेबाजी में कुछ खास नहीं कर पाई और 36.2 ओवर ही खेलकर 134 रन बनाकर ऑलआउट हो गई. इसके बाद इंग्लिश टीम ने 31.2 ओवर में 6 विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया.
हीदर नाइट ने बल्लेबाजी में कमाल दिखाया और नाबाद अर्धशतक जड़ा तो वहीं गेंदबाजी में 21 साल की स्पिनर शार्लोट डीन ने दमदार प्रदर्शन करते हुए 4 विकेट झटके. हीदर नाइट 72 गेंदों पर 8 चौकों की मदद से 53 रन बनाकर नाबाद लौटीं. इंग्लैंड महिला टीम ने इस तरह मौजूदा वनडे वर्ल्ड कप में अपनी पहली जीत दर्ज की. उसे इससे पहले लगातार 3 मुकाबलों में हार झेलनी पड़ी थी. वहीं, मिताली राज की कप्तानी वाली भारतीय टीम को 4 मैचों में दूसरी हार झेलनी पड़ी. इससे पहले उसने पाकिस्तान और वेस्टइंडीज को हराया जबकि मेजबान न्यूजीलैंड से शिकस्त मिली.इंग्लैंड ने 29 ओवर में 4 विकेट खोकर 128 रन बना लिए थे और जीत के लिए उसे केवल 7 रन की जरूरत थी, लेकिन 30वें ओवर में मेघना सिंह ने 3 गेंदों पर 2 विकेट लेकर विपक्षी टीम की जीत का इंतजार थोड़ा बढ़ा दिया. उन्होंने पहली गेंद पर डंकले (17) को ऋचा घोष के हाथों कैच कराया जबकि तीसरी गेंद पर ब्रंट (0) को खाता खोले बिना पवेलियन भेज दिया.













