नीतीश कुमार पर हमले को लेकर विस में हंगामा, विपक्ष ने कानून-व्यवस्था को लेकर सरकार पर साधा निशाना

Facebook
X
WhatsApp

बिहार विधानसभा में सोमवार को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर हमले को लेकर हंगामा हुआ। विपक्षी सदस्यों ने उन पुलिस अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की, जो एक दिन पहले नीतीश कुमार पर हमले को रोकने में विफल रहे थे।
कुमार पर रविवार को पटना के बाहरी इलाके स्थित बख्तियारपुर कस्बे में एक व्यक्ति ने सुरक्षा घेरे में सेंध लगाकर हमला किया था। हालांकि, मुख्यमंत्री को इस हमले में कोई नुकसान नहीं हुआ था और उस व्यक्ति को पुलिस ने तुरंत हिरासत में ले लिया था।
प्रश्नकाल के दौरान यह मुद्दा उठाते हुए राजद विधायक ललित कुमार यादव ने कहा कि मुख्यमंत्री पर हमला गंभीर चिंता का विषय है। उन्होंने कहा, ‘‘यह मुख्यमंत्री की सुरक्षा में एक गंभीर चूक है। दोषी पुलिस अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए। जिस राज्य में मुख्यमंत्री खुद सुरक्षित नहीं हैं, वहां की कानून व्यवस्था की स्थिति की कल्पना ही की जा सकती है।’’
यादव से सहमति जताते हुए राजद के अन्य सदस्यों ने प्रश्नकाल बाधित करते हुए सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। कुछ ही देर बाद भाकपा (माले) विधायक महबूब आलम, अजीत कुमार सिंह, संदीप सौरव विरोध दर्ज कराने के लिए अध्यक्ष के आसन के सामने पहुंच गए।
विपक्षी सदस्यों से अपनी सीटों पर लौटने का आग्रह करते हुए अध्यक्ष विजय कुमार सिन्हा ने कहा कि उन्हें सदन की गरिमा बनाए रखनी चाहिए। उन्होंने कहा, ‘‘मुख्यमंत्री पर हमला एक दुर्भाग्यपूर्ण घटना है और सरकार पहले से ही मामले की जांच कर रही है। इसलिए सदस्यों को प्रश्नकाल बाधित नहीं करना चाहिए।’’

The specified slider does not exist.

ताजा खबरें