डायरेक्टर विवेक अग्निहोत्री अपनी फिल्म ‘द कश्मीर फाइल्स’ की सुपर सक्सेस को लेकर चर्चा में बने हुए हैं. 14 करोड़ के बजट में बनी अनुपम खेर, मिथुन चक्रवर्ती, दर्शन कुमार और पल्लवी जोशी स्टारर ने अब तक 250 करोड़ की कमाई कर ली है. अपनी फिल्म के लिए विवेक अग्निहोत्री खूब तारीफें बटोर रहे हैं. लेकिन, एक समय ऐसा भी था, जब विवेक अग्निहोत्री मुश्किल दौर से गुजर रहे थे. ऐसे वक्त में जब उनकी मदद के लिए कोई आगे नहीं आया, बॉलीवुड एक्टर वरुण धवन ने उनकी मदद की. विवेक अग्निहोत्री ने इस मदद के लिए अब वरुण धवन को शुक्रिया कहा है।
दरअसल, विवेक अग्निहोत्री ने ‘चॉकलेट’ के साथ डायरेक्शन की दुनिया में कदम रखा था. यह फिल्म 2005 में आई थी. एक इंटरव्यू में अपने मुश्किल दिनों के बारे में बात करते हुए विवेक अग्निहोत्री ने वरुण धवन के बारे में भी बात की और उनसे मिली मदद का जिक्र किया. उन्होंने अभिनेता को एक अच्छा लड़का बताया और उनके बारे में बात करते हुए काफी इमोशनल हो गए।
विवेक अग्निहोत्री ने कहा कि वह वरुण धवन की इसलिए तारीफ नहीं कर रहे कि वह उनके साथ काम करें, बल्कि इसलिए कर रहे हैं, क्योंकि वह सच में बहुत अच्छे इंसान हैं और उन्होंने ऐसे वक्त में उनकी मदद की, जब कोई भी उनकी मदद के लिए आगे नहीं आया. विवेक अग्निहोत्री ने इस मामले पर खुलकर बात की है और खुद को वरुण धवन का कर्जदार बताया है।
विवेक ने वरुण के बारे में बात करते हुए कहा- ‘मैं वरुण से प्यार करता हूं, मैं उनका कर्जदार हूं. मैं ये बात कैमरे पर नहीं कहना चाहता, ये उनके और मेरे बीच की बात है. जब दुनिया में मेरी किसी ने मदद नहीं कि, उन्होंने चुपचाप मेरी मदद की. वह बहुत ही नेक इंसान है. मैं स्टारडम या बाकि सारी चीजों के बारे में नहीं जानता, लेकिन प्रार्थना करता हूं कि वह अपनी जिंदगी में खुश रहें और सफल हों. वह बहुत अच्छा लड़का है।









