लखनऊ: सरस्वती डेंटल कॉलेज में सीनियर्स की रैगिंग! फर्स्‍ट ईयर के स्‍टूडेंट ने सोने की चेन छीनने का लगाया आरोप

Facebook
X
WhatsApp

लखनऊ के फैजाबाद रोड पर बने सरस्वती डेंटल कालेज के BDS फर्स्ट ईयर के स्टूडेंट ने सीनियरों पर रैगिंग का आरोप लगाया है। पीड़ित छात्र ने कालेज प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए बीबीडी थाने में तीन नामजद और छह अज्ञात के खिलाफ बुधवार शाम को मुकदमा दर्ज कराया है। पीड़िता छात्र झारखंड के रेहला पलामू रेहल गांव का रहने वाला है। छात्र का आरोप है कि सीनियर एक माह से परेशान कर रहे हैं। मगंलवार को सीनियर छात्रों ने उसे अभद्र गाने पर डांस करने के लिए मजबूर किया। डांस करने से मना पर सीनियरों ने उससे गाली-गलौज की जमकर पीटा। नकदी और सोने की चेन लूट ली।

पीड़ित छात्र के मुताबिक उसने बीती 22 मार्च को कालेज में बीडीएस प्रथम वर्ष में प्रवेश लिया था। दाखिला लेने के बाद से ही सीनियर छात्र लगातार परेशान कर रहे थे। वह रैगिंग करते आ रहे हैं। मामले की शिकायत कई बार कालेज प्रशासन से की पर कोई सुनवाई नहीं हुई। कालेज प्रशासन ने जब सुनवाई नहीं की तो आरोपित छात्र और परेशान करने लगे। मंगलवार सुबह करीब 10:30 बजे सीनियर छात्र गौरव मिश्रा, विवेक चौहान, श्रेयस और छह अन्य कक्ष में पहुंचे। उन्होंने अभद्र गाने पर डांस करने के लिए कहा। मना करने पर दबाव बनाने लगे और गाली-गलौज कर पीटने लगे। शोर मचाने पर भी कोई बचाने नहीं आया। इसके बाद उक्त लोगों ने जेब से रुपये निकाल लिए। गले से सोने की चेन लूट ली। इसके बाद सभी धमकाते हुए चले गए। पूरे मामले की शिकायत कालेज की कविता मैडम से की तो उन्होंने भी सुनवाई नहीं की। इसके बाद पापा को फोन कर पूरी बात बताई। पापा ने कालेज प्रशासन के लोगों से बात कर शिकायत की तो कालेज प्रसाशन के लोगों ने सुनवाई नहीं की और उनसे भी अभद्रता की। सुनवाई न होने पर बीबीडी थाने पहुंचकर तहरीर दी।

बीबीडी थाना प्रभारी एके सिंह ने बताया कि जूनियर छात्र की तरफ से सीनियर छात्रों के खिलाफ तहरीर दी गई है। जांच कराकर विधिक कार्रवाई की जाएगी।

The specified slider does not exist.

ताजा खबरें