आजम खान से मिलने सीतापुर जेल पहुंचे शिवपाल यादव, फिर गरमाई उत्‍तर प्रदेश की राजनीति

Facebook
X
WhatsApp

प्रगतिशील समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष शिवपाल यादव शुक्रवार की सुबह सीतापुर पहुंचे। उन्होंने गुरुवार को घोषणा की थी कि वे आजम खान से मुलाकात करेंगे। अगले ही दिन उनके सीतापुर जेल पहुंचने के बाद राजनीतिक कयासबाजियों का बाजार गर्म हो गया है। यहीं पर आजम खान बंद हैं। इस मुलाकात को लेकर सीतापुर से लेकर रामपुर तक और रामपुर से लेकर लखनऊ तक विपक्ष की राजनीति में हलचल तेज हो गई है। शिवपाल यादव और अखिलेश यादव के बीच पिछले दिनों वार-पलटवार का मामला सामने आया। पहले अखिलेश ने शिवपाल पर भाजपा से नजदीकी की बात करते हुए उन्हें चले जाने की सलाह दी। इसके बाद शिवपाल ने उन्हें विधानमंडल दल से बाहर निकालने की चुनौती दे दी।
शिवपाल यादव और अखिलेश यादव के बीच चल रही राजनीतिक खींचतान के बीच आजम खान की नाराजगी के मसले को भी गरमा दिया गया है। अखिलेश यादव और समाजवादी पार्टी की ओर से खुलकर समर्थन नहीं किए जाने के मसले पर आजम खान और उनके परिवार की नाराजगी की खबरें सामने आई हैं। इस मामले के गरमाने के बाद राष्ट्रीय लोक दल अध्यक्ष जयंत चौधरी ने रामपुर पहुंच कर आजम खान के परिजनों ने मुलाकात की है। वहीं, आजम की नाराजगी की रिपोर्ट के साथ ही एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने भी उन पर डोरे डालना शुरू कर दिया है। इन तमाम स्थितियों के बीच आजम और शिवपाल की जेल में मुलाकात के कई मायने निकाले जाने लगे हैं।
यूपी चुनाव 2022 के पहले समाजवादी पार्टी और अखिलेश यादव की ओर से शिवपाल यादव का गठबंधन में जोरदार स्वागत हुआ था। शिवपाल को सपा के स्टार प्रचारकों की सूची में शामिल किया गया था। चुनाव परिणाम के बाद विधायक दल की बैठक हुई तो उन्हें बुलाया ही नहीं गया। ऐसे में कभी समाजवादी पार्टी के लिए निर्णय लेने वाले शिवपाल इस पार्टी से विधायक बनने के बाद भी आमंत्रित नहीं किए जाने से नाराज हो गए। अब वे खुद को सपा के 111 में से एक विधायक बता रहे हैं। कुछ यही स्थिति आजम खान की बनी हुई है। आजम को किसी अन्य खेमे में जाने देने से बेहतर शिवपाल अपने साथ जोड़ने की रणनीति पर भी आगे बढ़ते दिख सकते हैं। इस मुलाकात के मायने कई निकाले जा रहे हैं।

The specified slider does not exist.

ताजा खबरें