CM योगी आदित्यनाथ आज से 3 दिन के दौरे पर आएंगे उत्तराखंड, क्या सालों बाद मां से मिलेंगे?

Facebook
X
WhatsApp

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का तीन दिन का उत्तराखंड दौरा तय हो चुका है। उनके इस दौरे की पुष्टि उत्तराखंड के कैबिनेट मंत्री धन सिंह रावत ने की है। उन्होंने कहा कि यमकेश्वर में योगी के आगमन पर भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। सीएम योगी आदित्यनाथ का उत्तराखंड दौरा तीन मई से शुरू होगा जहां वो यमकेश्वर पहुंचने के बाद अपनी मां से मिलने गांव पंचूर भी जाएंगे।
कुछ दिनों पहले मीडिया से बातचीत के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की बहन और मां ने भावुक होकर उनको मिलने के लिए बुलाया था। सीएम योगी आदित्यनाथ की 84 साल की मां सावित्री देवी ने भावुक होकर कहा था कि महाराज एक बार गांव आ जाएं, उनकी याद आती है, पिता के निधन पर भी नहीं आए थे।
वहीं सीएम योगी की चाय शिकंजी की दुकान चलाने वाली बहन शशि की भी यह ख्वाहिश है कि उनके भाई एक बार मां से मिलने जरूर आएं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से उनकी मां, बहन और भाई मिलने की राह देख रहे है। आखिरकार, इतने दिनों बाद यानी तीन मई को सीएम योगी अपने परिवार वालों से मिलने अपने घर जा रहे हैं।
मां से मिलने के बाद योगी आदित्यनाथ उत्तर प्रदेश के सीएम बन गए थे। जिसके बाद योगी तब से दोबारा अपने गांव नहीं गए। साल 2020 में उनके पिता आनंद सिंह बिष्ट का निधन हो गया था। कोविड प्रोटोकॉल के चलते अपने पिता के निधन के बाद भी मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अपने घर नहीं गए थे। साल 2022 में भी एक चुनावी रैली करने योगी कोटद्वार उत्तराखंड गए थे। लेकिन तब भी वह अपनी मां से मिलने घर नहीं जा पाए थे। अब आखिर वो दिन करीब आ ही गया जब पूरे पांच साल बाद 3 मई 2022 को योगी अपनी मां से मिलने जाएंगे।
सीएम योगी आदित्यनाथ अपनी मां से मिलने से पहले यमकेश्वर जाएंगे। वहां डिग्री कॉलेज बिठयानी में योगी अपने गुरु अवैद्यनाथ की मूर्ति का अनावरण करेंगे। इस पूरे कार्यक्रम के दौरान उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी मौजूद रहेंगे। यमकेश्वर में कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अपनी मां से मिलने पंचूर गांव जाएंगे। लेकिन योगी तीन दिवसीय दौरे पर उत्तराखंड में क्या करेंगे इस बात की कोई आधिकारिक जानकारी नहीं हुई है। जानकारी के मुताबिक 4 और 5 मई पर सीएम योगी आदित्यनाथ देहरादून और हरिद्वार में अलग-अलग कार्यक्रमों का हिस्सा बनेंगे। साथ ही परिसंपत्तियों के बंटवारे के बाद उत्तराखंड को मिले ‘अलकनंदा गेस्ट हाउस’ और ‘यूपी के नए गेस्ट हाउस’ का उद्घाटन भी कर सकते हैं।

The specified slider does not exist.

ताजा खबरें