सीतापुर : बेसिक शिक्षा विभाग के प्राथमिक व जूनियर हाईस्कूलों में 19 शिक्षक नियुक्ति के बाद से अब तक अनुपस्थित चल रहे हैं। इन शिक्षकों को विद्यालयों में आने के लिए विभाग की ओर से कई बार नोटिस दी गई। लेकिन उस नोटिस का न तो जवाब ही दिया न विद्यालय में अपनी उपस्थित दर्ज कराई। अब तक अपने विद्यालय में उपस्थित न दर्ज कराने वाले इन शिक्षकों को उनकी लापरवाही भारी पड़ी है। अब विभाग ने बिना किसी सूचना के लंबे समय से गायब रहने पर इन शिक्षकों की सेवा समाप्ति कर दी है।
सेवा समाप्ति वाले शिक्षकों में प्राथमिक विद्यालय मदनापुर की संगीता सिंह, मूसेपुर की अंजू आर्य, गंगापुर द्वितीय की सीमा देवी, भवानीपुर की ऋचा त्रिपाठी, मूरतपुर के विमल सिंह, दतूनी के ज्ञानेश कुमार, सिकरी के अंकित शुक्ला, रैंघटा के सुबोध कुमार, रंगवा की हिना परवीन, पतवारा के विकास मिश्रा, मोहिद्दीनपुर के उदय शंकर यादव, बोहरा प्रथम के अरविंद कुमार, कमियापुर की शशि भार्गव, भज्जूपुर चौड़िया की नीतू सिंह, बालपुर की लीना शुक्ला, कटेसर की अंकिता शर्मा, झरिया के राम कुमार त्रिपाठी, चांदपुर के शंबुल शकील तथा जूनियर हाईस्कूल कुंवरपुर चेलेताली की शिल्पी जैन हैं।
बीएसए अजीत कुमार ने बताया कि यह शिक्षक लंबे समय से बिना किसी सूचना के अनुपस्थित चल रहे थे। कोई चार वर्षों से स्कूल से नदारद है तो कोई तीन वर्ष से नहीं आया है। उनको अनुपस्थिति के संबंध में साक्ष्य प्रस्तुत करने का अवसर भी दिया गया था लेकिन, उस पर भी कोई संज्ञान नहीं लिया गया। सेवा में विभागीय आदेश की अनदेखी कर जवाब न देने वाले शिक्षकों की सेवा समाप्त कर दी गई है।









