यूपी में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर विश्व रिकार्ड बनाने की तैयारी, जानिए

Facebook
X
WhatsApp

अंतरराष्ट्रीय योग दिवस (21 जून) को भव्यता से मनाने के साथ ही शासन ने विश्व रिकार्ड बनाने के लिए कमर कसी है। 7.5 करोड़ प्रदेशवासियों को योग से जोडऩे का लक्ष्य तय करते हुए आजादी के अमृत महोत्सव के तहत 21 मई से 21 जून तक अमृत योग माह आयोजित करने का निर्णय लिया गया है। मुख्य सचिव दुर्गा शंकर मिश्र ने सभी जिलाधिकारियों को निर्देश दिया है कि लक्ष्य की पूर्ति के लिए सभी अपना-अपना माइक्रोप्लान बनाकर आयुष विभाग को भेज दें।

प्रदेश के सभी मंडलायुक्त और जिलाधिकारियों के साथ मंगलवार को वीडियो कान्फ्रेंसिंग में मुख्य सचिव ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय योग दिवस को भव्य बनाने के लिए सभी तैयारियां समय से पूरी कर ली जाएं। देश की स्वतंत्रता की 75वीं वर्षगांठ पर आजादी का अमृत महोत्सव मनाया जा रहा है। इसे देखते हुए 21 मई से 21 जून तक अमृत योग माह मनाया जाएगा, जिसमें 7.5 करोड़ लोगों को योग से जोड़ने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी जिलाधिकारी इस लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए माइक्रोप्लान तैयार कर आयुष विभाग को जल्द उपलब्ध करा दें।

योग दिवस पर विश्व रिकार्ड बनाने के लिए भी प्रयास करें। इसके अलावा मुख्य सचिव ने आठ जिलों में टैबलेट और 23 जिलों में स्मार्टफोन के शत-प्रतिशत वितरण पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि अन्य जिले भी टैबलेट व स्मार्टफोन का जल्द शत-प्रतिशत वितरण करें। उन्होंने पीएम स्वनिधि योजना में डिजिटल ट्रांजेक्शन बढ़ाने, बारिश से पहले शहरी इलाकों में नालियों की सफाई कराने के भी निर्देश दिए।

ई-केवाईसी न होने पर अगस्त में नहीं मिलेगी किसान सम्मान निधिः प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की समीक्षा करते हुए दुर्गा शंकर मिश्र ने कहा कि लगभग 6.50 लाख आवेदनों में आधार नंबर गलत है या मेल नहीं खा रहा है। इसके कारण उन्हें इस योजना का लाभ नहीं मिल पा रहा है। विशेष प्रयास से डाटा सुधार कर लंबित प्रकरणों का निस्तारण कराया जाए। उन्होंने कहा कि ई-केवाईसी न होने पर अगस्त में मिलने वाली किस्त लाभार्थियों को नहीं मिल पाएगी। इसका प्रचार-प्रसार कर ई-केवाईसी का काम भी जल्द पूरा कराया जाए। स्वामित्व योजना की भी समीक्षा की गई। पहले चरण में शत-प्रतिशत काम पूरा करने वाले जिलों को बधाई दी गई।

यह हुए प्रस्तुतीकरण
हरदोई के जिलाधिकारी ने सरकारी भूमि से अतिक्रमण हटाने के लिए बनाए गए एप की जानकारी दी।
जौनपुर के जिलाधिकारी ने वन डिस्ट्रिक्ट वन प्ले की योजना बताई।
मीरजापुर के डीएम ने रोजगार सृजक एवं निर्यातक बने नवचेतना एफपीओ का प्रस्तुतीकरण किया।
अमेठी के सीडीओ ने एक जिला एक उत्पाद के तहत रोजगार सृजन के प्रयास बताए।
प्रयागराज के सीडीओ ने गौ आश्रय स्थलों के लिए भूसा क्रय एवं प्रबंधन पर प्रस्तुतीकरण किया।

The specified slider does not exist.

ताजा खबरें