बीवी से मुलाकात का वक्त बढ़ाने के लिए ‘ठग’ सुकेश चंद्रशेखर ने की तिहाड़ में भूख हड़ताल

Facebook
X
WhatsApp

देश में अपनी मांगों को मनवाने के लिए भूख हड़ताल पर जाना एक चलन बन गया है. अब इसी चलन को अपना हथियार बनाते हुए दिल्ली के तिहाड़ जेल में कैद ठग सुकेश चंद्रशेखर पिछले 17 दिन से भूख हड़ताल पर बैठा हुआ है. चंद्रशेखर की मांग है कि उसे अपनी पत्नी से मुलाकात के लिए अतिरिक्त वक्त दिया जाए. उसकी पत्नी तिहाड़ के जेल नंबर 6 में बंद है।

रिपोर्ट के मुताबिक, एक वरिष्ठ जेल अधिकारी ने बताया कि कैदी सुकेश चंद्रशेखर पहले 23 अप्रैल से 2 मई तक भूखा रहा और उसके बाद 4 से 14 मई तक खाना नहीं खाया, जिसकी वजह से उसके स्वास्थ्य पर बुरा असर पड़ा. अधिकारी ने आगे कहा कि उसे जेल की डिस्पेंसरी में आईवी फ्लूइड यानी ग्लूकोज चढ़ाया जा रहा है।

नियम के मुताबिक कैदी करते हैं मुलाकात
अधिकारियों ने बताया कि सुकेश चंद्रशेखर की मांग थी कि तिहाड़ की जेल नंबर 6 में कैद उसकी पत्नी से मिलने के समय को बढ़ाया जाए. उसे पहले ही महीने में दो बार जेल के अंदर मुलाकात की अनुमति दी जा चुकी है. यह व्यवस्था सभी कैदियों के लिए होती है. लेकिन सुकेश की मांग है कि उसे अतिरिक्त वक्त दिया जाए, जिसकी अनुमति जेल प्रशासन नहीं देता है।

इससे पहले सुकेश चंद्रशेखर के वकील ने जेल में उसकी जान को खतरा होने का दावा किया था. इसके जवाब में शुक्रवार को सरकार ने उच्चतम न्यायालय को उसकी सुरक्षा को लेकर आश्वस्त किया. कोर्ट ने केंद्र एवं दिल्ली सरकार को इस मामले में दो सप्ताह के भीतर अपना जवाब दाखिल करने को कहा है. वहीं, अतिरिक्त सॉलिसिटर ने न्यायालय को आश्वस्त किया कि आरोपी की सुरक्षा का पूरा ख्याल रखा जाएगा।
सुकेश चंद्रशेखर के खिलाफ रेलिगेयर एंटरप्राइजेज के पूर्व प्रमोटर शिविंदर मोहन सिंह की पत्नी अदिति सिंह सहित कई लोगों के साथ धोखाधड़ी और रंगदारी वसूलने की प्राथमिकी दर्ज हुई थी. इसके बाद दिल्ली पुलिस की आर्थिक अपराध शाखा ने उसे गिरफ्तार किया था.

The specified slider does not exist.

ताजा खबरें