UP: सत्र हंगामेदार होने के आसार, राज्यपाल के अभिभाषण के साथ आज से ई-विधान के तहत संचालित होगी कार्यवाही

Facebook
X
WhatsApp

उत्तर प्रदेश की 18वीं विधानसभा के सदस्य आज यानी सोमवार से शुरु हो रहे विधानमंडल के बजट सत्र में पहली बार नेशनल ई-विधान एप्लीकेशन के तहत संचालित हो रही कार्यवाही का हिस्सा बनेंगे। इनको इसका दो दिन तक प्रशिक्षण भी दिया गया है।
वर्ष 2022 के साथ ही आज से अठारहवीं विधान सभा का भी पहला सत्र होगा। सत्र में राज्य सरकार वित्तीय वर्ष 2022-23 का बजट पारित कराएगी। सत्र की शुरुआत राज्यपाल आनंदीबेन पटेल के अभिभाषण से होगी। बजट सत्र में विपक्ष भी सदन में सरकार को घेरने की तैयारी कर रहा है। इस लिहाज से सत्र के दौरान हंगामा होने के आसार हैं।

बजट सत्र में दोपहहर 12:30 बजे से सदन की कार्यवाही प्रारंभ होगी। सदन की कार्यवाही वंदेमातरम गायन से शुरू होगी। इसके बाद विधानसभा तथा विधान परिषद सदस्यों की मौजूदगी में राज्यपाल आनंदीबेन पटेल का अभिभाषण होगा। इस दौरान विधानसभा और परिषद के सदस्य साथ बैठेंगे। विधान सभा मंडप में विधान परिषद और विधान सभा सदस्यों की संंयुक्त बैठक के समक्ष राज्यपाल आनंदीबेन पटेल का अभिभाषण शुरू होगा। वह राज्य सरकार के कामकाज का विवरण देंगी।

26 मई को सरकार दोनों सदनों में वित्तीय वर्ष 2022-23 का बजट पेश करेगी। योगी आदित्यनाथ सरकार के दूसरे कार्यकाल का यह पहला बजट होगा। 26 मई को सदन में प्रदेश के वित्तमंत्री सुरेश कुमार खन्ना चालू वित्तीय वर्ष 2022-23 का पूर्ण बजट प्रस्तुत करेंगे। वित्त विभाग बजट को अंतिम रूप देने में जुटा हुआ है। अधिकांश विभागों ने अपने जरूरी विभागीय खर्चों के अलावा प्रदेश सरकार के संकल्प पत्र में शामिल विभाग से जुड़ी घोषणाओं के लिए भी बजट मांगा है। किसानों को सिंचाई के लिए बिजली मुफ्त दिए जाने का संकल्प इसी बजट के माध्यम से सरकार पूरी कर सकती है। बजट का आकार 6.5 लाख करोड़ के करीब होने का अनुमान है। यह अब तक का सबसे बड़ा बजट होगा। बजट में इंफ्रास्ट्रक्चर विकास पर खास फोकस दिख सकता है। प्रदेश की भाजपा सरकार अपने दूसरे कार्यकाल के इस पहले बजट में चुनाव के दौरान जनता के सामने प्रस्तुत किए गए ‘संकल्प पत्र’ के कुछ महत्वपूर्ण संकल्पों को पूरा करती हुई दिख सकती है। किसानों, युवाओं, महिलाओं के लिए बजट में बहुत कुछ होने की उम्मीद की जा रही है। विकास से जुड़ी बड़ी परियोजनाओं को भी बजट के माध्यम से भरपूर धनराशि दिए जाने की उम्मीद है।

धानमंडल के पिछले सत्र के बाद लाये गए चार अध्यादेशों के प्रतिस्थानी विधेयकों को भी सरकार बजट सत्र में पारित कराएगी। इनमें भातखंडे राज्य संस्कृति विश्वविद्यालय अध्यादेश, 2022, उत्तर प्रदेश राज्य विश्वविद्यालय (संशोधन) अध्यादेश, 2022, उत्तर प्रदेश औद्योगिक क्षेत्र विकास (संशोधन) अध्यादेश, 2022 और उत्तर प्रदेश निजी विश्वविद्यालय (संशोधन) अध्यादेश, 2022 शामिल हैं।

योगी आदित्यनाथ सरकार के पहले व दूसरे कार्यकाल में यह पहला मौका है जब विधान सभा के साथ विधान परिषद में भी सत्ता पक्ष का बहुमत है। विधान सभा में सत्ता पक्ष के बहुमत के बावजूद विपक्ष का संख्याबल बढ़ा है। इसके बाद भी विपक्ष, खासतौर पर समाजवादी पार्टी और उसके सहयोगी दल महंगाई, बिजली कटौती, राशन वितरण, बेरोजगारी, कानून व्यवस्था और किसानों की समस्याओं जैसे मुद्दे पर सरकार को घेरने की भरपूर कोशिश करेंगे। इस लिहाज से विधानमंडल सत्र हंगामाखेज होने के आसार हैं।

The specified slider does not exist.

ताजा खबरें