मेरठ में पेपर देने पहुंचे छात्र-छात्राओं को पता चला कि परीक्षा तो हो चुकी है, जमकर हंगामा

Facebook
X
WhatsApp

मेरठ: CCSU Private Exams गुरुवार को मेरठ और सहारनपुर मंडल के कई कालेजों में एक अजब स्थिति दिखी। बीए सेकेंड ईयर प्राइवेट के छात्र-छात्राएं परीक्षा देने अपने केंद्रों पर पहुंचे तो पता चला कि उनकी परीक्षा हो गई है। इसके बाद छात्रों ने जमकर हंगामा किया। मेरठ कालेज और एनएएस कालेज से सैकड़ों की संख्या में छात्र चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय में पहुंचे। छात्रों के हंगामे को देखते हुए विश्वविद्यालय प्रशासन ने दोबारा से परीक्षा कराने का निर्णय लिया है।

गुरुवार यानी 26 मई को बीए सेकेंड ईयर में क्वालीफाईंग कोर्स जनरल अवेयरनेस का पेपर था। यह परीक्षा सुबह सात बजे से 10 बजे के बीच हो गई, लेकिन बहुत से प्राइवेट के छात्र दूसरी पाली में 11 बजे पेपर देने पहुंचे। तो उन्हें पता चला कि उनकी परीक्षा तो पहले ही हो गई है। इसे लेकर छात्र-छात्राओं ने जमकर कालेजों पर हंगामा किया। छात्रों का कहना था कि इसके विषय में उन्हें जानकारी नहीं दी गई। वेबसाइट पर पहली पाली में ही परीक्षा कराने की बात कही गई है। कालेजों ने इस मामले में हाथ खींच लिया। फिर एनएएस कालेज और मेरठ कालेज से सैकड़ों की संख्या में छात्र विश्वविद्यालय पहुंचे। उन्होंने जमकर नारेबाजी की, हंगामा किया। परीक्षा नियंत्रक अश्वनी कुमार से छात्रों की जमकर बहस भी हुई। इस दौरान छात्र नेता विनीत चपराना के नेतृत्व में काफी संख्या में छात्र-छात्राएं रहे।

चौ. चरण सिंह विश्वविद्यालय यानी सीसीएसयू प्रशासन ने छात्रों को दोषी ठहराया। विश्वविद्यालय के अनुसार क्वालीफाईंग कोर्स में रेगुलर और प्राइवेट का विषय कोड एक होता है। रेगुलर कोर्स की परीक्षा दूसरी पाली में 11 बजे से दो बजे थी। जबकि प्राइवेट छात्रों की परीक्षा पहली पाली में रखी गई थी। बड़ा पेपर होने की वजह से हर बार ऐसा ही किया जाता है। प्राइवेट के कुछ छात्रों ने इसे नहीं देखा। जबकि पहले से वेबसाइट पर परीक्षा कार्यक्रम जारी किया गया है।

दोबारा होगी परीक्षा
विश्वविद्यालय प्रशासन ने परीक्षार्थियों को गलत ठहराने के बाद भी दोबारा से परीक्षा कराने का निर्णय लिया है। जनरल अवेयरनेस का यह पेपर दोबारा से कराया जाएगा। विश्वविद्यालय प्रशासन परीक्षा कार्यक्रम जल्द ही जारी करेगा।

The specified slider does not exist.

ताजा खबरें