राजधानी लखनऊ में योगी सरकार के यूपी ग्राउंड ब्रेकिंग सेरेमनी के तीसरे संस्करण को संबोधित करते हुए उद्योगपति गौतम अडाणी ने कहा कि मेरा सौभाग्य है कि आज मुझे दो महान नेताओ के साथ मिलने का मौका मिला जो भारत को नया भारत बनाने के लिए सतत प्रयासरत हैं. उन्होंने कहा कि जब उत्तर प्रदेश सफल होगा तभी देश आगे बढ़ेगा, इसी लिए उत्तर प्रदेश में बेहतर कानून व्यवस्था स्थापित हुई, ये देश मे सबके सामने है, हम इतने राज्यो में काम करते है, लेकिन हमको उत्तर प्रदेश के गवर्नेंस में निर्णय लेने की क्षमता अभूतपूर्व है।
अडाणी ने कहा कि आपका विजन प्रधानमंत्री जी के विजन से मेल खाता है. अडानी ग्रुप 70 हजार करोड़ का इन्वेस्टमेंट प्रदेश में कर रहा है, जिसमे 30 हजार लोगों को रोजगार मिलेगा. उन्होंने कहा कि मैं सोच भी बदलता हूं, मैं नजरिया भी बदलता हूं, बदलता नहीं तो सिर्फ लक्ष्य नहीं बदलता हूं. वहीं आदित्य बिड़ला ग्रुप के कुमार मंगलम बिड़ला ने कहा कि बिड़ला ग्रुप देश-दुनिया में अपने कारोबार को बढ़ा रहा है. यूपी में भी वह निवेश करेगा. उन्होंने पीएम नरेंद्र मोदी के लिए कहा कि विकास कार्य को उनके कार्यकाल में तेजी मिली है. साथ ही, सीएम योगी आदित्यनाथ ने यूपी में निवेश का रास्ता आसान किया है. उन्होंने कहा कि ईज ऑफ डूइंग बिजनेस में यूपी दूसरे नंबर पर आ चुका है. यह एक बड़ी उपलब्धि है. यूपी निवेश के नजरिए से काफी आकर्षक हो चुका है. उन्होंने अपने संबोधन के अंत में कहा, ‘जब हौसला बना लिया ऊंची उड़ान का, फिर देखना फिजूल है ऊंचे आसमान का…’
इससे पहले औद्योगिक विकास मंत्री नंदगोपाल नंदी ने संबोधन में कहा कि कहा कि 80 हजार करोड़ से अधिक परियोजनाओं की आधारशीला आज रखी जाएगी. यह इस बात का प्रमाण है कि यूपी में देश के उद्यमियों का विश्वास बढ़ा है. हम वन ट्रिलियन इकॉनमी के लक्ष्य को पाने के लिए तमाम कोशिशें की जा रही है. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश विश्व गुरु बनने की ओर अग्रसर है. प्रदेश में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अगुवाई में विकास की नई बयार बह रही है. उन्होंने कहा कि आज प्रदेश को आध्यात्मिक और सांस्कृतिक ढांचे को मजबूती मिल रही हैं।









