यूपी के हापुड़ में शनिवार दोपहर एक बड़ा हादसा हो गया, जिसमें कम से कम 6 लोगों की मृत्यु हो गई। मरने वालों की संख्या अभी और भी बढ़ सकती है। एक केमिकल फैक्टरी में बॉयलर फटने से भारी तबाही देखी गई है। हादसे में एक दर्जन से अधिक लोग घायल भी हुए हैं। घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है। वहीं, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी घटना पर शोक व्यक्त किया है।
सीएम योगी ने जनपद में बॉयलर फटने से लगी आग में हुई 6 मजदूरों की मृत्यु पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने मृतकों के शोक संतप्त परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है। मुख्यमंत्री ने आलाधिकारियों को तुरंत मौके पर पहुंचने और जांच के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने दुर्घटना में घायल हुए लोगों का समुचित उपचार कराए जाने के निर्देश दिए हैं। सीएम ने मृतकों के परिजनों की हरसंभव मदद के भी निर्देश दिए और साथ ही अधिकारियों को दुर्घटना की जांच विशेषज्ञों द्वारा कराने के लिए निर्देशित किया।
मौके पर जिले के सभी बड़े अधिकारी पहुंच गए हैं और फिलहाल राहत बचाव का कार्य चल रहा है। पुलिस के मुताबिक, रुही केमिकल नामक फैक्टरी में दोपहर लगभग तीन बजे हादसा हुआ। शुरुआती जांच में केमिकल के मिश्रण में हुई गड़बड़ी को धमाके का कारण माना जा रहा है।









