बस्ती जिला कारागार में निरूद्ध एक विचाराधीन बंदी की संदिग्ध हालत में मौत के मामले में शासन ने जेल अधीक्षक दिलीप कुमार पांडेय को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। बंदी की पोस्टमार्टम रिपोर्ट में चोट लगने से मौत की पुष्टि होने के बाद यह कार्रवाई की गई है।
इतना ही नहीं कोतवाली में मृतक बंदी विजय सोनकर निवासी वार्ड नंबर चार हनुमानगढ़ी नगर पंचायत हर्रैया की पत्नी की तहरीर पर जेल प्रशासन के खिलाफ कोतवाली में मुकदमा भी दर्ज कर लिया गया है। डीएम कार्यालय ने इसकी पुष्टि भी कर दी है।
विचाराधीन बंदी विजय को 30 मई 2022 को पुलिस ने एनडीपीएस व आर्म्स एक्ट के तहत गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। उसके परिजनों का आरोप है कि पुलिस उसे घर से उठाकर ले गई थी। इसके बाद स्मैक, गांजा व कट्टा-कारतूस के साथ गलत तरीके से गिरफ्तारी दिखाकर जेल भेज दिया गया था।
आरोप : पिटाई के कारण हुई मौत
आरोप लगाया कि जेल में पिटाई के कारण उसकी मौत हो गई। एसपी से शिकायत कर प्रकरण की उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग भी की गई थी।









