सुलतानपुर। कुत्ते कितने वफादार होते हैं इसका अंदाजा आप इस घटना से लगा सकते हैं। वे अपने मालिक पर छोटी सी भी आंच तक नहीं आने देते हैं। सुलतानपुर में पालतू कुत्ते ने अपने मालिक को बचाने के लिए खुद गोली खा ली और वफादारी की मिसाल पेश की। पालतू कुत्ते ‘मैक्स’ की मौत पर शुक्रवार की देर शाम तिकोनिया पार्क में भारतीय जनता युवा मोर्चा ने श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया। इसमें श्रद्धांजलि देते हुए हमलावर अनिल वर्मा को गिरफ्तार किए जाने की मांग की गई। साथ ही कार्यकर्ताओं ने पुलिस-प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल भी खड़े किए।
यह घटना सुलतानपुर में कोतवाली देहात के विकवाजितपुर गांव की है। रविवार को कान्हा जीव जंतु कल्याण सेवा समिति के अध्यक्ष विशाल श्रीवास्तव पुआल रखने के लिए टिनशेड का निर्माण करा रहे थे। इसी दौरान समाजवादी पार्टी नेता अनिल चालक के साथ मौके पर पहुंचे। इस दौरान वह टिनशेड रखने से मना करने लगे। इसको लेकर दोनों के बीच कहा सुनी शुरू हो गई।
आरोप है कि अनिल ने लाइसेंसी पिस्टल से विशाल पर गोली चला दी। गोली चलते ही बगल में खड़ा पालतू कुत्ता मैक्स अपने मालिक को बचाने के लिए सामने कूद गया। वह गोली ‘मैक्स’ को लग गई। गोली लगने के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इस मामले में विशाल की तहरीर पर जानलेवा हमला करने और पशु क्रूरता अधिनियम के तहत मुकदमा पंजीकृत किया गया है। एक सप्ताह बीतने के बाद भी पुलिस आरोपित को गिरफ्तार नहीं कर सकी है। शोकसभा में भाजयुमो के मंडल अध्यक्ष अमित सिंह, महामंत्री अजय श्रीवास्तव, जिला मंत्री अंकुर तिवारी समेत कई लोग मौजूद रहे।









