प्रयागराज हिंसा में शामिल उपद्रवियों के पोस्टर नहीं लगाएगी पुलिस, एसएसपी अजय कुमार ने बताई वजह

Facebook
X
WhatsApp

संगम नगरी प्रयागराज में शुक्रवार 10 जून को जुमे की नमाज के बाद हुई हिंसा और बवाल में शामिल उपद्रवियों के खिलाफ पांचवें दिन भी पुलिस की कार्रवाई जारी है. पुलिस ने अब तक 92 उपद्रवियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा है, वहीं वीडियो के आधार पर 10 उपद्रवियों को चिह्नित कर उन्हें हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है. इस मामले में एसएसपी ने कहा कि हिंसा और बवाल में शामिल लोगों के वीडियो और फोटो पुलिस के पास मौजूद हैं. पुलिस पहले गोपनीय तरीके से इनके खिलाफ कार्रवाई करेगी. उन्होंने कहा है कि अभी फिलहाल पोस्टर लगाने का पुलिस का कोई इरादा नहीं है।
एसएसपी अजय कुमार के मुताबिक उपद्रवियों पर सख्त कार्रवाई की जा रही है, ताकि वे अपने मंसूबों को अंजाम न दे सकें. एसएससी के मुताबिक हिंसा और बवाल के मामले में 70 नामजद और 5000 से ज्यादा अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज है. पुलिस उन्हीं की गिरफ्तारी कर रही है. उन्होंने कहा कि पुलिस द्वारा उन्हीं के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है, जो वास्तव में अपराधी हैं।
अजय कुमार ने इसके साथ ही कहा कि हिंसा में छोटे-छोटे नाबालिग बच्चों को आगे करके पत्थरबाजी कराई जा रही थी. इससे उन बच्चों के भविष्य का भी नुकसान होता है. इस मामले में पकड़े गए जिन नाबालिगों को उकसाया गया, उन पर पुलिस विचार करेगी. अगर नाबालिक खराब प्रवृत्ति के नहीं होंगे, तो उन पर विचार किया जाएगा।
एसएसपी अजय कुमार ने आश्वस्त किया कि किसी बेकसूर की गिरफ्तारी नहीं होगी. उन्होंने कहा कि गिरफ्तारियां सिर्फ हार्डकोर क्रिमिनल्स की होंगी, जिन्होंने साजिश रची है और पत्थरबाजी कराई है. एसएसपी ने कहा कि पुलिस अपना होमवर्क कर रही है ताकि आने वाले दिनों में भी कोई शरारती तत्व किसी तरह की हिंसा को अंजाम न दे सके. उन्होंने कहा कि संवाद पुलिस का बहुत बड़ा अस्त्र है. लोगों से बातचीत और उन्हें समझाने बुझाने का सिलसिला जारी है।

एसएसपी ने कहा है कि जब घटना हो रही थी उस वक्त भी लोगों को काफी समझाया बुझाया गया था और आगे भी समझाने बुझाने की प्रक्रिया जारी रहेगी. इस पर कोई रोक नहीं लगाई जाएगी. एसपी ने कहा कि आज भी सभी थानों पर मीटिंग की जाएगी, जिला स्तर पर भी मीटिंग की जाएगी, ताकि भविष्य में ऐसी घटना दोबारा ना हो।

The specified slider does not exist.

ताजा खबरें