अयोध्या. राम नगरी अयोध्या पहुंचे शिवसेना सांसद संजय राउत ने राष्ट्रपति चुनाव को लेकर बड़ा बयान दिया है. उन्होंने एनसीपी प्रमुख शरद पवार को राष्ट्रपति पद के लिए देश का सबसे बेहतर नेता करार दिया है और शिवसेना की ओर से उन्हें समर्थन देने का ऐलान किया है।
पिछले दिन आम आदमी पार्टी के सांसद संजय सिंह द्वारा शरद पवार से मुलाकात किए जाने को लेकर पत्रकारों के सवाल पर संजय राउत ने कहा, ‘शरद पवार देश के सबसे बड़े नेता हैं. शरद पवार आज इस देश के सबसे अनुभवी नेता हैं.’ उन्होंने कहा कि कल 15 तारीख को दिल्ली में पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने गैर भाजपा शासित प्रदेशों के नेताओं को बैठक बुलाई है. शिवसेना के नेता भी इस बैठक में मौजूद रहेंगे. शरद पवार राष्ट्रपति पद के लिए सर्वसम्मति से चुने जा सकते हैं. संजय रावत ने कहा, ‘देश को राष्ट्रपति चाहिए तो शरद पवार हैं, रबर स्टैंप चाहिए तो बहुत से नेता देश में है।
वहीं दूसरी तरफ राहुल गांधी और सोनिया गांधी से ईडी की पूछताछ पर संजय राउत ने कहा कि ‘सिर्फ कांग्रेस को ही नहीं, सभी विपक्षी दलों को इस मामले पर हमलावर होना चाहिए. जो राजनीतिक दल या नेता सच पूछने की हिम्मत करते हैं या सवाल करते हैं, उनका केंद्रीय जांच एजेंसी के माध्यम से उत्पीड़न किया जाता है. जो देश के लिए ठीक नहीं है।
दरअसल संजय राउत यहां महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे के पुत्र आदित्य ठाकरे के कल होने वाले अयोध्या यात्रा को लेकर तैयारियों का जायजा लेने के लिए यहां आए थे. आदित्य ठाकरे के यात्रा कार्यक्रम के मुताबिक, वह लगभग 2:00 बजे अयोध्या पहुंचेंगे. वहां से सीधे रामनगर स्थित इस्कॉन मंदिर जाकर पूजा-अर्चना करेंगे. आदित्य वहीं पर भोजन भी ग्रहण करेंगे. इसके बाद दोपहर 2:30 बजे होटल पंचशील पहुंचेंगे, जहां 3:30 बजे प्रेस कॉन्फ्रेंस करेंगे.
आदित्य ठाकरे इसके बाद 4:30 पर हनुमानगढ़ी का दर्शन करेंगे, फिर शाम 5:00 रामलला का दर्शन करेंगे. इसके बाद 6:00 बजे लक्ष्मण किला पहुंचेंगे और शाम 6:45 पर सरयू आरती करेंगे. इसके बाद शाम 7:30 पर आदित्य ठाकरे लखनऊ के लिए रवाना हो जाएंगे. प्राप्त जानकारी के मुताबिक, आदित्य ठाकरे के साथ इस अयोध्या यात्रा में 1200 शिव सैनिक भी शामिल होंगे, जो अलग-अलग माध्यमों से अयोध्या पहुंच रहे हैं।









