महाराष्ट्र सरकार के मंत्री आदित्य ठाकरे अयोध्या जाने के लिए बुधवार दोपहर लखनऊ एयरपोर्ट पर पहुंचे जहां शिवसैनिकों ने उनका जोरदार स्वागत किया।
एयरपोर्ट पर एएनआई से बातचीत में उन्होंने कहा कि जब हम 2018 में पहली बार यहां आए थे तो हमने नारा दिया था कि पहले मंदिर फिर सरकार। उन्होंने कहा कि मैं अयोध्या जा रहा हूं। जहां मैं रामलला के दर्शन करूंगा और उनसे आशीर्वाद लूंगा।
आदित्य ठाकरे के अयोध्या आगमन से पहले उनके स्वागत के लिए महाराष्ट्र से करीब दो हजार शिवसैनिक मंगलवार की देर रात्रि अयोध्या पहुंच गए हैं। देर रात्रि स्पेशल ट्रेन से लगभग 1200 शिवसैनिकों का दल अयोध्या स्टेशन पहुंचा।
जहां से सीधे निर्धारित धर्मशालाओं में उन्हें ले जाया गया और अब वह अपने नेता का गर्मजोशी के साथ स्वागत करने की तैयारी में जुटे हुए। आदित्य ठाकरे बुधवार दोपहर अयोध्या पहुंचेंगे वे सबसे पहले इस्कान मंदिर में दर्शन पूजन करेंगे ।उसके बाद पत्रकारों से वार्ता करेंगे। फिर सीधे रामलला के दर्शन के लिए जाएंगे और शाम को सरयू आरती में भी शामिल होंगे।
अयोध्या में पूर्व में राज ठाकरे के दौरे को लेकर विरोध के बाद शिवसेना किसी भी प्रकार की कसर नहीं छोड़ना चाहती है। यही कारण कि अपने नेता के आने के पहले बड़ी संख्या में समर्थक पहुंचे हैं। देर रात्रि दो स्पेशल ट्रेन से 2,000 से अधिक शिव सैनिक अयोध्या स्टेशन पर उतरते ही जय श्रीराम के नारे लगाने लगे। शिव सैनिक सरयू में स्नान कर रामलला सहित विभिन्न मंदिरों में दर्शन पूजन कर रहे हैं।









