पैगंबर मोहम्मद के खिलाफ भाजपा की पूर्व प्रवक्ता नुपुर शर्मा द्वारा की गई टिप्पणी के विरोध में मुस्लिम समाज लगातार प्रदर्शन करता आ रहा है। बीते शुक्रवार को भी कई स्थानों पर बवाल व हिंसक प्रदर्शन हुए थे। हालांकि अमरोहा में शांति रही थी।
केवल गजरौला व सैदनगली में सांकेतिक प्रदर्शन किया गया था। अब आगामी शुक्रवार को जुमे की नमाज के मद्देनजर पुलिस व प्रशासनिक अधिकारी पूरी सतर्कता बरत रहे हैं। धर्मगुुरु से बैठक कर शांति की अपील की जा रही है। साथ ही सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता प्रबंध भी किए गए हैं।
प्रदेश में बीते शुक्रवार को हुए हिंसक प्रदर्शनों के बाद आगामी शुक्रवार को लेकर भी जिले में पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों ने रणनीति बना ली है। डीएम बीके त्रिपाठी व एसपी विनीत जायसवाल लगातार धर्मगुरु के साथ बैठक कर सामंजस्य बैठा रहे हैं। बुधवार को भी कलक्टेट में बैठक संपन्न हुई है।
जिसमें शुक्रवार को जुमे की नमाज के बाद शांति बनाए रखने के साथ ही अन्य मुद्दों पर भी बात की गई है। इसके अलावा जिले के सभी 13 थानों में प्रतिदिन अमन कमेटी की बैठकें आयोजित की जा रही हैं। क्षेत्रीय एसडीएम व सीओ के साथ थानेदार भी लोगों को समझा रहे हैं। बुधवार शाम को एसपी ने अमरोहा नगर में फ्लैग मार्च किया था।
अमरोहा में एसडीएम विजय शंकर मिश्र व सीओ विजय कुमार राणा, हसनपुर में एसडीएम सुधीर कुमार व सीओ सतीश पांडे तथा मंडी धनौरा में एसडीएम अरुण कुमार व सीओ अरुण कुमार सेक्टर की निगरानी करेंगे। वहीं नौगावां सादात में एसडीएम अशोक कुमार शर्मा के साथ एसओ संत कुमार क्षेत्र पर नजर रखेंगे। एसपी ने सभी थाना प्रभारियों को सुबह से ही भ्रमणशील रहने को कहा है। साथ ही सख्त निर्देशित किया है कि माहौल बिगाड़ने वालों से सख्ती से निपटा जाए।









