CRPF जवान नरेश जाट सुसाइड केस: 46 घंटे बाद भी परिजनों ने नहीं लिया शव

Facebook
X
WhatsApp

जोधपुर. सीआरपीएफ के जवान नरेश जाट का शव घटना के तीसरे दिन बुधवार को भी सुबह तक परिजनों ने नहीं लिया है. मृतक जवान के परिजन और समाज के लोग 7 सूत्री मांगें पूरी नहीं होने तक शव उठाने से इंकार कर चुके हैं. इस मुद्दे को लेकर आरएलपी प्रमुख हनुमान बेनीवाल आंदोलन करने के मूड में नजर आ रहे हैं. वे जोधपुर में ही डेरा डाले हुये बैठे हैं. वहीं गत वर्ष आत्महत्या करने वाले सीआरपीएफ के एसआई विकास कुमार की पत्नी कविता देवी भी जोधपुर पहुंच चुकी है. वह भी अपने पति की मौत का इंसाफ मांगने चूरू जिले के राजगढ़ तहसील के गांव घनाऊ से आई है।

नरेश जाट ने सोमवार को सुबह करीब 11.30 बजे जोधपुर के करवड़ थाना इलाके में स्थित सीआरपीएफ के ट्रेनिंग सेंटर में खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली थी. उसके शव को जोधपुर के महात्मा गांधी अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है. मोर्चरी के बाहर मृतक के परिजन, जाट समाज के लोग और आरएलपी के नेता धरना देकर बैठे हैं. वे 7 सूत्रीय मांगों को पूरी नहीं होने तक शव नहीं उठाने पर अड़े हैं. बुधवार को सुबह 9.30 बजे तक परिजनों ने शव को नहीं लिया।

मृतक के पिता लिखमाराम ने कहा कि मेरा बेटा मैंने सीआरपीएफ को जिंदा सौपा था. मुझे मेरा बेटा जिंदा चाहिए. मैं किसी भी तरह के मुआवजे या पैसे का भूखा नहीं हूं. मुझे न्याय चाहिए. उन्होंने कहा कि शव उठाने को लेकर जो निर्णय हनुमान बेनीवाल करेंगे उन्हें वह मान्य होगा. इस बीच मंगलवार रात को दिल्ली से जोधपुर आए सीआरपीएफ के आईजी आरके यादव, राजस्थान के सीआरपीएफ आईजी विक्रम सहगल और जोधपुर पुलिस कमिश्नरेट डीसीपी ईस्ट डॉक्टर अमृता दुहान के साथ प्रदर्शनकारियों की करीब ढाई घंटे वार्ता हुई लेकिन वह बेनतीजा रही।

सीआरपीएफ प्रशिक्षण केन्द्र में 3 बरसों में 3 आत्महत्या
नागौर सांसद एवं आरएलपी प्रमुख हनुमान बेनीवाल ने कहा कि पैरा मिलिट्री फोर्सेज के जवान लगातार आत्महत्या कर रहे हैं. उनमें अवसाद कैसे उत्पन्न हो रहा है. इस पर चिंतन करने की आवश्यकता है. जोधपुर सीआरपीएफ प्रशिक्षण केन्द्र में 3 वर्षों में 3 आत्महत्या हो चुकी हैं. नरेश जाट का शव तब तक नहीं उठाएंगे जब तक की उनकी सभी मांगें नहीं मान ली जाती।

बहरहाल मृतक के पिता, धरने पर बैठे जाट समाज के लोग और आरएलपी सांसद हनुमान बेनीवाल की विभिन्न मांगों से एक मांग को मान लिया गया है. मृतक नरेश जाट की ओर से लिखे गए सुसाइड नोट में जिन लोगों पर आरोप लगाया गया है उनके खिलाफ नामजद एफआईआर दर्ज कर ली गई है. इसमें सीआरपीएफ ट्रेनिंग सेंटर के डीआईजी भूपेंद्र सिंह का नाम भी शामिल है।

The specified slider does not exist.

ताजा खबरें