गाजियाबाद के राजनगर की एक हाउसिंग सोसाइटी की लिफ्ट के अंदर नौ वर्षीय मासूम बच्चे को पालतू कुत्ते द्वारा काटने के मामले में कुत्ते की मालकिन की मुश्किलें बढ़ती जा रही हैं। घटना का वीडियो वायरल होने के बाद गाजियाबाद पुलिस ने जहां इस संबंध में महिला पर केस दर्ज कर लिया है, वहीं अब नगर निगम ने भी उस पर पांच हजार रुपये का जुर्माना लगा दिया है।
जानकारी के अनुसार, राजनगर एक्सटेंशन की चार्म्स कैसल सोसाइटी में जिस पालतू कुत्ते ने छात्र को काटकर घायल किया गाजियाबाद नगर निगम ने उसकी मालकिन पूनम चंदोक पर पांच हजार का जुर्माना लगाया है। निगम की टीम ने जुर्माना का नोटिस घर जाकर दिया। महिला द्वारा कुत्ते का निगम में पंजीकरण भी नहीं कराया गया था।
निगम के पशु चिकित्सा एवं कल्याण अधिकारी डॉ. अनुज सिंह ने बताया नोटिस जारी कर कुत्ते का रजिस्ट्रेशन और वैक्सीनेशन कराने के लिए कहा गया है। उन्होंने बताया जानकारी में आया है कि वह कुत्ता हर समय लोगों पर अकारण भौकता रहता है। इससे आसपास रहने वाले लोगों को परेशानी होती है। इसके अलावा कुत्ते को खुले में छोड़ दिया जाता है, जिसके काटने और रेबीज का खतरा रहता है। निगम में अभी तक केवल 2385 कुत्तों का ही पंजीकरण हो सका है।
वायरल वीडियो में दिख रहा है कि जब हाउसिंग सोसाइटी की लिफ्ट के अंदर उस बच्चे को एक कुत्ते ने काट लिया तब कुत्ते की मालकिन बच्चे को संभालने के बजाय चुपचाप खड़ी सब देखती रही और बच्चा दर्द से कराहता रहा। बच्चे के पिता ने आरोपी महिला के खिलाफ ने नंदग्राम थाने में एक लिखित तहरीर दी, जिसके बाद पुलिस ने इस संबंध आईपीसी की धारा 289 (जानवरों के संबंध में लापरवाहीपूर्ण आचरण) के तहत एक एफआईआर दर्ज कर ली है। मामले की जांच जारी है।
यह घटना लिफ्ट में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। वीडियो में दिख रहा है कि महिला द्वारा चेन से पकड़े गए कुत्ते द्वारा लड़के पर हमला किया जा रहा है। जब वह लिफ्ट से बाहर निकली तब भी कुत्ते ने फिर से बच्चे पर छलांग लगाई, लेकिन महिला ने उसे खींच लिया।









