यूपी की राजनीति का नया पोस्टर:लखनऊ में सपा कार्यालय के बाहर लगाया, लिखा- यूपी+बिहार= गई मोदी सरकार

Facebook
X
WhatsApp

लखनऊ में समाजवादी पार्टी दफ्तर के बाहर शनिवार सुबह लगा एक पोस्टर चर्चा में है। पोस्टर में नीतीश कुमार और अखिलेश यादव की तस्वीर के साथ लिखा है- ‘यूपी+बिहार= गयी मोदी सरकार।’ सपा दफ्तर की दीवार पर लगे इस पोस्टर को सपा नेता आईपी सिंह ने लगवाया है।

उन्होंने कहा, ”यूपी और बिहार देश की दशा और दिशा तय करते हैं। बड़ी आबादी वाले ये दोनों राज्य सियासी लिहाज से सबसे जागरूक प्रदेश हैं। आज देश में विपक्षी दलों ने मोदी सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। यह मोर्चा मोदी सरकार को जड़ से उखाड़ कर फेंकेगा।
क्या अखिलेश यादव नीतीश के मोर्चे के साथ होंगे? इस सवाल के जवाब पर आईपी सिंह ने कहा कि बिल्कुल साथ हैं। इस बार का चुनाव मोदी सरकार को सत्ता से हटाने के लिए है। सभी विपक्षी दलों को साथ मिलकर इन्हें सत्ता से बेदखल करना होगा।सपा दफ्तर के बाहर इस पोस्टर को लगवाकर आईपी सिंह ने यही मैसेज देने की कोशिश की है।

लेकिन, सवाल अखिलेश की भूमिका को लेकर भी है। आज से 3 दिन पहले यानी 7 सितंबर को नीतीश कुमार ने दिल्ली में मुलायम सिंह यादव और अखिलेश से मुलाकात की थी। तब बिहार के CM नीतीश कुमार ने कहा था कि अखिलेश यूपी का नेतृत्व करेंगे।

“हम लोगों का टारगेट एक है”
7 सितंबर को नीतीश कुमार मेदांता में भर्ती मुलायम सिंह यादव को देखने पहुंचे थे। उससे पहले ही अखिलेश यादव भी मेदांता पहुंच चुके थे। अस्पताल में नीतीश ने मुलायम का हाल जाना। अस्पताल में ही नीतीश और अखिलेश में बातचीत हुई। इस मुलाकात के बाद नीतीश कुमार ने मीडिया से बात की। कहा, “मुलायम की तबीयत खराब थी। इसलिए देखने आया था। हम लोगों का लक्ष्य तो एक ही है, सबको मिलकर आगे बढ़ना है।”

“अखिलेश करेंगे UP का नेतृत्व”
अखिलेश यादव से मुलाकात और उनकी भूमिका को लेकर नीतीश कुमार ने कहा, “अखिलेश यादव यूपी का आगे नेतृत्व करेंगे।” वहीं, जब इस बारे में अखिलेश से पूछा गया तो उन्होंने सिर्फ इतना कहा-“नीतीश कुमार की मुहिम में मैं साथ हूं।”

अब बात करते हैं बिहार में पोस्टर पॉलिटिक्स की
CM नीतीश कुमार के भाजपा से अलग होने के बाद से ही उन्हें 2024 में विपक्ष का प्रधानमंत्री पद का उम्मीदवार बनाए जाने का दावा किया जा रहा है। इस बीच एक सितंबर को पटना में जदयू ने नए पोस्टर जारी किए। पोस्टर पर लिखा- ‘आश्वासन नहीं, सुशासन’ ‘प्रदेश में देखा, देश में दिखेगा’ और ‘जुमला नहीं, हकीकत’। पटना में जदयू कार्यालय में इन पोस्टरों के बाद सियासी गलियारों में नीतीश की 2024 में विपक्ष का PM उम्मीदवार होने की अटकलें तेज हो गई हैं।

The specified slider does not exist.

ताजा खबरें