नई दिल्ली. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दो दिवसीय दौरे पर अपने गृह राज्य गुजरात जाने वाले हैं. गुजरात में इस साल के अंत में विधानभा चुनाव होने हैं, ऐसे में उनका यह दौरा काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है. पीएम मोदी इस दौरान प्रदेश को 29 हजार करेाड़ रुपये मूल्य की परियोजनाओं की सौगात देंगे. इनमें देश की तीसरी वन्दे भारत ट्रेन के साथ ही अहमदाबाद मेट्रो रेल प्रोजेक्ट भी शामिल है. इसके अलावा सूरत, भावनगर जैसे शहरों में भी तकरीबन 10 हजार करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं की शुरुआत करेंगे. पीएम मोदी इसके साथ ही ब्रॉड गेज रेलवे लाइन की नींव भी रखेंगे जिसके पूरा होने से अंबाजी की यात्रा आसान हो जाएगी. प्रधानमंत्री नवरात्रि उत्सव में भी हिस्सा लेंगे. PM मोदी भावनगर में दुनिया के पहले CNG टर्मिनल के नींव का पत्थर भी रखेंगे।
प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गुजरात यात्रा के दौरान गांधीनगर-मुंबई वन्दे भारत ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे. वह खुद इस ट्रेन से यात्रा करते हुए कालूपुर तक जाएंगे. बता दें कि फिलहाल भारत में 2 वन्दे भारत ट्रेनों का परिचालन हो रहा है. गांधीनगर-मुंबई रूट पर तीसरी वन्दे भारत ट्रेन का परिचालन शुरू होगा. पीएम मोदी शुक्रवार को इसे हरी झंडी दिखाएंगे. पीएम मोदी अहमादाबाद मेट्रो रेल परियोजना के फेज-1 का भी उद्घाटन करेंगे. इस दौरान वह मेट्रो ट्रेन के जरिये दूरदर्शन केंद्र स्टेशन तक की यात्रा करेंगे।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गुजरात यात्रा के दौरान सूरत और भावनगर को भी हजारों करोड़ रुपये मूल्य की विकास परियोजनाओं की सौगात देंगे. जानकारी के अनुसार, पीएम मोदी सूरत में 3400 करोड़ से भी ज्यादा की परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगे. वह सूरत में ड्रीम सिटी के फेज-1 का उद्घाटन करेंगे. इसका उद्देश्य हीरा व्यवसाय को बढ़ावा देना है. वहीं, भावनगर को भी पीएम मोदी 5200 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं की सौगात देंगे. भावनगर में पीएम दुनिया के पहले CNG टर्मिनल के लिए नींव का पत्थर रखेंगे।
पीएम मोदी अपनी गूजरात यात्रा के दौरान खेल और सांस्कृतिक कार्यक्रम में भी हिस्सा लेंगे. प्रधानमंत्री गुजरात में पहली बार हो रहे 36वें राष्ट्रीय खेल की शुरुआत भी करेंगे. इसके अलावा वह नवरात्रि के उत्सव में भी हिस्सा लेंगे. अंबाजी जाने वाले तीर्थयात्रियों के लिए भी बड़ी खुशखबरी है. पीएम मोदी इस रूट पर ब्रॉड ग्रेज रेलवे ट्रैक के निर्माण की शुरुआत करेंगे।








