चंदौली में हत्यारा प्रेमी गिरफ्तार: प्रेग्नेंसी किट लेकर पहुंचा था घर, शादी से मना करने पर गला दबाकर मारा

Facebook
X
WhatsApp

चंदौली जिले के मुगलसराय कोतवाली के रविनगर में रेलकर्मी की हत्या के आरोप में पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों के बीच काफी समय से संबंध था, लेकिन दो दिन पहले शादी की बात को लेकर दोनों के बीच झगड़ा हो गया। इसी दौरान प्रेमिका ने प्रेमी को एक थप्पड़ जड़ दिया। इससे भन्नाए प्रेमी ने उसे बेड पर पटककर गला दबा दिया, इससे उसकी मौत हो गई।

गुरुवार को सीओ अनिरूद्ध सिंह ने आरोपी के गिरफ्तारी की जानकारी दी। सीओ ने बताया कि महिला रेलकर्मी खुशबू (32) का ओड़वार निवासी बिट्टू से प्रेम प्रसंग चल रहा था। खुशबू के पति की मौत पहले ही हो चुकी थी। वहीं बिट्टू की पत्नी भी मर चुकी है। वह भी रेलवे में ठेकेदार के अधीन वेल्डिंग का काम करता था। आरोपित ने पुलिस को पूछताछ में बताया कि उसके और खुशबू के बीच विगत अप्रैल माह से प्रेम संबंध था।

शादी की बात पर शुरू हुआ विवाद
वह रविनगर के उस किराए के मकान में भी आता-जाता था जहां खुशबू रहती थी। वह खुशबू से शादी करना चाहता था, लेकिन वह आनाकानी कर रही थी। 27 सितंबर को खुशबू ने अपने मोबाइल से आरोपित को फोन कर बताया कि उसे प्रेग्नेंट होने की आशंका है। इस पर आरोपी प्रेग्नेंसी किट लेकर उसके कमरे पर पहुंचा। खुशबू ने किट को रैक में रख दिया। इसके बाद आरोपित ने उससे शादी की बात शुरू कर दी।

खुशबू ने बताया कि उसके परिवार वाले राजी नहीं हो रहे हैं। आरोपित ने खुशबू के परिवार से बात करने को कहा और उसका मोबाइल लेने लगा। इसी बीच दोनों में छीना झपटी हो गई और महिला ने प्रेमी को एक थप्पड़ जड़़ दिया। इससे गुस्साए आरोपित ने उसे बेड पर पटककर गला दबा दिया। इससे महिला की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने आरोपित की निशानदेही पर मृतका के कमरे के रैक से प्रेगनेंसी किट बरामद की।

The specified slider does not exist.

ताजा खबरें