BJP नेता के खौफ में पलायन की राह पर Sambhal का एक परिवार, मकान पर लगाया ‘बिकाऊ है’ का पोस्टर

Facebook
X
WhatsApp

संभल। : संभल के एक परिवार ने स्थानीय भाजपा नेता और पुलिस के खौफ के कारण शहर से पलायन की धमकी दी है। अपना मकान बेचने के लिए उन्होंने बाहर मकान बिकाऊ है का पोस्टर लगा दिया है।

भाजपा नेता से पांच अक्टूबर को हुआ था विवाद
पांच अक्टूबर को भाजपा नेता से विवाद के बाद जेल गए अंशु शर्मा के परिवार ने भाजपा नेता और पुलिस से डर बताकर घर से पलायन करने की चेतावनी दी है। इसके बाद मकान के गेट पर मकान बिकाऊ है का पोस्टर चस्पा कर दिया। सूचना पर एसपी संभल कोतवाली पहुंचे।

पहले भाजपा नेताओं से बात की और उसके बाद आरोपित के परिवार को कोतवाली बुलाकर पूरे मामले की जांच करने का आश्वासन दिया। साथ ही इस मामले की विवेचना बहजोई थाने के लिए स्थानांतरण कर दी।
उधर एसपी से मिलने के बाद अंशुशर्मा की पत्नी व बच्चे लखनऊ में मुख्यमंत्री से मिलने के लिए रवाना हो गए। जबकि एक वीडियो भी वायरल हुआ है इसमें अंशु वर्मा की पत्नी दीपा कह रही हैं कि जल्द ही संभल का मकान सास, ससुर बेच देंगे और हम कहीं और बस जाएंगे।

भाजपा नेता बोले, अंशु ने मुझ पर किया था गाड़ी चढ़ाने का प्रयास
संभल के मुहल्ला दुर्गा कालोनी निवासी अंशु शर्मा का पांच अक्टूबर को भाजपा के क्षेत्रीय उपाध्यक्ष राजेश सिंघल से विवाद हो गया था। भाजपा नेता का आरोप था कि अंशु शर्मा ने मुझ पर गाड़ी चढ़ाकर मारने का प्रयास किया था। इसके बाद पुलिस ने जानलेवा हमले की धाराओं में प्राथमिकी पंजीकृत कर अंशु को जेल भेज दिया था।

अंशु का कहना था कि भाजपा नेता ने मेरे साथ मारपीट की है और पुलिस ने राजनीतिक दबाव में मेरे खिलाफ ही कार्रवाई की है। यह मामला तभी से तूल पकड़ा हुआ है आरोपित के परिवार का आरोप है कि हमारे तरफ से दी गई तहरीर को पुलिस ने फाड़ कर फेंक दिया। इस मामले में अंशु शर्मा का परिवार लगातार न्याय की गुहार लगा रहा था।

घर पर चिपकाया मकान बिकाऊ है का पोस्टर
सोमवार को अंशु शर्मा की पत्नी दीपा शर्मा अपने पूरे परिवार के साथ पलायन करने की चेतावनी देते हुए घर के दरवाजे पर पोस्टर चस्पा किया कि यह मकान बिकाऊ है। साथ ही भाजपा नेता पर तमाम आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा नेता के इशारे पर काम करने वाले कोतवाल से त्रस्त होकर पूरा परिवार पलायन कर रहा है।

जब इस मामले की जानकारी एसपी चक्रेश मिश्रा को लगी तो वह कोतवाली संभल पहुंच गए। यहां राजेश सिंघल व दीपा शर्मा के परिवार से अलग अलग मुलाकात किया। एसपी ने विवेचना बहजोई थाने के लिए स्थानांतरण कर दिया है।

पलायन की चेतावनी देते हुए लखनऊ रवाना हुआ परिवार
अंशु शर्मा का परिवार सोमवार को दोपहर में घर से पलायन करने की चेतावनी देते हुए लखनऊ के लिए रवाना हुआ है। परिवार का कहना है कि पहले हम मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मिलेंगे। पूरे मामले की शिकायत उनसे करेंगे। अब तो हम संभल में अपना मकान ही बेचने के लिए आएंगे।

भाजपा क्षेत्रीय उपाध्यक्ष राजेश सिंघल का कहना है कि उन्होंने मेरे ऊपर गाड़ी चढ़ाने का प्रयास किया था। पुलिस ने एक को पकड़कर जेल भेज दिया है। पुलिस अपना काम कर रही है। किसी को पलायन करने की जरूरत नहीं है। अंशु शर्मा शराब पीकर हंगामा करता है जबकि उसका परिवार अच्छा है।
उससे मुझे कोई शिकायत नहीं है। मेरी हमदर्दी परिवार के साथ है। अंशु शर्मा को अपनी आदत सुधारनी चाहिए उन्हें शराब पीकर इस तरह के काम नहीं करने चाहिए। मेरे अलावा भी पूर्व में उनकी तमाम लोगों ने इस तरह की शिकायत पुलिस से की है। मेरे ऊपर जो आरोप लगाए जा रहे हैं वह निराधार है।

अंशु की पत्नी बोलीं, सीएम के पास जाऊंगी
संभल सीओ जितेंद्र कुमार ने बताया कि विवेचना बहजोई थाने में स्थानांतरण कर दी गई है। परिवार ने पलायन नहीं किया है। परिवार घर पर ही है। वहीं अंशु शर्मा की पत्नी दीपा शर्मा का कहना है कि मुझे कोतवाली बुलाया गया था, लेकिन पुलिस अधिकारियों ने मेरी बात नहीं सुनी। अब मैं मुख्यमंत्री के पास जाकर अपनी शिकायत दर्ज कराऊंगी।

The specified slider does not exist.

ताजा खबरें