किराए पर बस लेकर पुलिस ने अदालत भेजे 16 हाईप्रोफाइल जुआरी

Facebook
X
WhatsApp

रातभर चला थाने पर चला हाईवोल्टेज ड्रामा, जुआरियों को छुड़ाने के लिए नेता से लेकर अधिवक्ता तक रात भर थाने में डटे

फिरोजाबाद। मंगलवार शाम शिकोहाबाद में स्टेशन रोड स्थित गेस्ट हाउस से पकड़े गए जुआरियों को लेकर पूरी रात थाने में ड्रामा चलता रहा। जुआरियों को छुड़ाने के लिए अधिवक्ता और नेता रात भर दबाव बनाते रहे, लेकिन पुलिस ने एक न सुनी। बुधवार को दोपहर प्राइवेट बस से जुआरियों को कड़ी सुरक्षा में मेडिकल करवाने के बाद कोर्ट भेजा गया।

दीपावली पर जुआ खेलने वालों की कई जगह महफिलें सजी थीं। मंगलवार शाम बड़े पुलिस अधिकारी को सूचना मिली कि स्टेशन रोड स्थित गेस्ट हाउस में लाखों रुपये का जुआ चल रहा है। इसके बाद पुलिस ने घेराबंदी कर छापा मारा और 16 जुआरी पकड़े गए। मौके से दो लाख से ज्यादा कैश तीन स्कार्पियो, चार बाइक भी पुलिस ने पकड़कर सीज कर दीं। पकड़े गए जुआरियों में अधिवक्ता, शिक्षक और ग्राम प्रधान थे। इन सभी को थाने ले जाए जाने के बाद सिफारिशी पहुंचना शुरू हो गए। देर रात तक जुआरियों को छुड़वाने के प्रयास चलते रहे, लेकिन सफलता नहीं मिली।

बीयर और व्हिस्की का होता था इंतजाम

बताया गया है कि गेस्ट हाउस में कई दिनों से जुआ चल रहा था। जुआरियों के लिए व्हिस्की और बीयर का इंतजाम होता था। पकड़े गए जुआरियों में से कई नशे में भी थे, जिसको लेकर हंगामा होता रहा।

किराए की बस में कोर्ट भेजे गए जुआरी

पकड़े गए जुआरियों को अदालत भेजने के लिए पुलिस ने किराए की बस का इंतजाम किया। सभी जुआरियों को पुलिस की अभिरक्षा में पहले संयुक्त चिकित्सालय ले जाया गया, जहां मेडिकल कराने के बाद कोर्ट भेजा गया है।

जुआरियों में बार एसो. पदाधिकारी से लेकर शिक्षक और प्रधान तक

पकड़े गए जुआरियों में गेस्ट हाउस मालिक के साथ-साथ बार एसो. के पदाधिकारी, एक पूर्व डीजीसी, चार अधिवक्ता, नगला खंगर थाना क्षेत्र की एक ग्राम पंचायत के वर्तमान और पूर्व प्रधान, शहर के रहने वाले दो सरकारी शिक्षक भी शामिल हैं।

The specified slider does not exist.

ताजा खबरें