आगरा में पुलिसकर्मियों की करतूत के दो ऐसे मामले सामने आए हैं, जिससे खाकी की छवि पर सवाल उठे हैं। पहले मामले में एक पुलिसकर्मी ने शराब के नशे में खाकी को शर्मसार किया। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है। वीडियो एक मिनट नौ सेकंड का है। इसमें सिपाही सड़क पर हंगामा करता दिखाई दे रहा है। एक युवक उसका मोबाइल से वीडियो बनाने लगता है। इस पर सिपाही उसके पीछे दौड़ता है। यह देख युवक भागने लगता है। कुछ दूरी पर जाकर सिपाही खोखा संचालक से अभद्रता करता है। उसके खोखे के बाहर रखा तख्त उठाने की कोशिश करता है। मगर, सिपाही खुद ही गिर पड़ता है। दूसरा मामला ताजमहल के बाहर का है। यहां तैनात एक सिपाही ने पर्यटक को मुंह तोड़ने की धमकी दे डाली। इसका भी वीडियो वायरल हुआ है। पुलिस दोनों मामलों की जांच में जुटी है।
शराब के नशे में धुत सिपाही का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है, जिसमें वह एक युवक के पीछे भागते हुए दिखाई देता है। इस दौरान उसने लोगों से अभद्रता भी की। यह वीडियो आवास विकास कॉलोनी स्थित सेक्टर छह का बताया गया है। एसपी सिटी विकास कुमार ने बताया कि वीडियो की जांच कराई जाएगी। यह कब का है, पता किया जाएगा। इसके बाद ही कार्रवाई होगी।
बृहस्पतिवार को ही एक और सिपाही का वीडियो वायरल हुआ, जिसमें वह ताजमहल देखने आए एक पर्यटक से कह रहा है कि मुंह तोड़ दूंगा, चल हट जा पीछे। वीडियो 21 सेकंड का है। कुछ लोग पर्यटक को रोक रहे हैं। इसके बावजूद सिपाही बोलता रहता है।
दूसरे वीडियो में पर्यटक अपनी पीड़ा बता रहा है कि एक ने उन्हें लाइन में लगने के लिए कहा था, जबकि दूसरा मुंह तोड़ने की कह रहा है। लाइन में घुसने से रोक रहा है। यह पुलिस का व्यवहार है। दरअसल, ताज देखने आने वाले पर्यटकों की सुबह से ही भीड़ थी। पुलिसकर्मी लाइन लगवा रहे थे। एक पर्यटक के लाइन में घुसने पर विवाद हुआ।
वीडियो को लेकर ट्वीट भी किया गया है। इसमें यूपी पुलिस की छवि को लेकर भी सवाल उठाए गए हैं। थाना पर्यटन के प्रभारी निरीक्षक जय सिंह परिहार ने बताया कि वीडियो की जानकारी नहीं है। वीडियो को देखकर सिपाही की पहचान की जाएगी। पता किया जाएगा कि यह वीडियो कब का है।









