Varanasi: रोहनिया इंस्पेक्टर और चौकी इंचार्ज निलंबित, दरोगा पर फायरिंग कर पिस्टल लूट का मामला

Facebook
X
WhatsApp

लक्सा थाने के दरोगा अजय यादव को गोली मारकर पिस्टल लूट मामले में रोहनिया इंस्पेक्टर विमल कुमार मिश्रा, मोहनसराय चौकी इंचार्ज रजनीश त्रिपाठी पर गाज गिर गई। पुलिस आयुक्त ने दोनों को निलंबित कर दिया। वहीं, बदमाशों की गिरफ्तारी और पिस्टल बरामदगी के लिए एसआईटी का गठन किया गया। एसआईटी में तेज तर्रार 10 दरोगा को शामिल किया गया है।

पुलिस आयुक्त ए सतीश गणेश के अनुसार लालपुर-पांडेयपुर थाना प्रभारी उपेंद्र सिंह के नेतृत्व में एसआईटी मामले की जांच करेगी। वहीं, कैंट थाना के क्राइम टीम के इंस्पेक्टर परमहंस गुप्ता को लालपुर-पांडेयपुर थाने का प्रभारी बनाया गया है। दरोगा की हत्या के प्रयास और पिस्टल लूट मामले में लापरवाही बरतने पर रोहनिया थाना प्रभारी निरीक्षक विमल कुमार मिश्रा और मोहनसराय चौकी इंचार्ज रजनीश त्रिपाठी को निलंबित किया गया। इनके खिलाफ विभागीय जांच भी बैठा दी गई है।

प्रतापगढ़ के भीखमपुर निवासी 2015 बैच के उप निरीक्षक अजय यादव मंगलवार की शाम देरखूं स्थित अपने निर्माणाधीन मकान पर पहुंचे थे कि तीन बदमाशों ने मारपीट के दौरान सीने में गोली मारकर पिस्टल लूट लिया। इस दौरान मोबाइल और पर्स भी लूटा। घटना के दूसरे दिन दरोगा की मोबाइल नहर किनारे बरामद हुई थी।
दरोगा अजय यादव पर जानलेवा हमला करने वाले बदमाशों को चिन्हित करने के साथ ही गिरफ्तारी को लेकर दबिश जारी है। उस मार्ग पर लगे सीसीटीवी कैमरे खंगालने और मोबाइल नेटवर्क के सहारे कई युवकों को पुलिस ने हिरासत में लिया। इसमें कुछ को पूछताछ के बाद छोड़ा गया तो वहीं, कुछ युवकों से अब भी पूछताछ जारी है। जगतपुर, देरखूं और मनियारीपुर समेत आसपास गांव के मनबढ़ों को पुलिस पूछताछ के लिए उठा रही है। इससे ग्रामीणों में भी दहशत है। कुछ ग्रामीणों ने अपने बेटों को बाहर भेज दिया है ताकि कहीं पुलिस उन्हें भी न उठा लें।

बृहस्पतिवार की दोपहर ब्लैक रंग की स्कार्पियो सवार कुछ युवकों को रोहनिया पुलिस ने उठाया। प्रभारी निरीक्षक विमल कुमार मिश्रा के कमरे में युवकों से काफी देर तक पूछताछ की गई। पुलिस आयुक्त ए सतीश गणेश, अपर पुलिस आयुक्त संतोष कुमार सिंह और एसपी ग्रामीण सूर्यकांत त्रिपाठी ने गठित पुलिस टीमों से अब तक हुई कार्यवाही की रिपोर्ट जानी।

वहीं, डीजीपी कार्यालय से भी इस घटना के बारे में पुलिस आयुक्त से अपडेट लिया जा रहा है। रोहनिया पुलिस के समक्ष दरोगा की पिस्टल बरामदगी काफी चुनौती बनी हुई है। कमिश्नरेट के सभी तेज तर्रार अधिकारियों और पुलिसकर्मियों को इस केस में लगाया गया है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार बदमाशों की गिरफ्तारी को लेकर टीमें दबिश दे रही हैं। गैर जनपदों में भी कुछ टीमें दबिश दे रही हैं। रोहनिया स्थित निजी अस्पताल में भर्ती दरोगा अजय यादव की हालत अब सामान्य है। चिकित्सक डॉ. अलोक शर्मा के अनुसार उन्हें दो दिन में डिस्चार्ज कर दिया जाएगा।

The specified slider does not exist.

ताजा खबरें