हरदोई. मख्खियों की वजह से बिमारियों के फैलने के बारे में तो सभी ने पढ़ा और सुना होगा, लेकिन क्या कभी सुना है कि मखियों की वजह से शादियां टूट रही हैं और नए रिश्ते भी नहीं आ रहे? बात हैरान करने वाली है, लेकिन सच है. यूपी के हरदोई जनपद में 10 गांव के लोग मक्खियों से परेशान हैं. आलम यह है कि जिनकी शादी हो गई हैं उनकी पत्नियां मायके लौट रही हैं तो वहीं शादी योग्य हो चुके लड़कों के लिए नए रिश्ते भी नहीं आ रहे हैं. मक्खियों के आतंक से परेशान ग्रामीणों के साथ किसान यूनियन के नेता अब अनशन पर बैठे हैं।
हरदोई जिले के अहिरोरी ब्लॉक के 10 गांव के लोग मक्खियों का प्रकोप झेल रहे हैं, जबकि शासन-प्रशासन लाचार है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वच्छता व स्वास्थ्य मिशन इन गांवों में पूरी तरह से ध्वस्त हो चुका है. यहां मक्खियां लोगों के रिश्ते पर तलवार लेकर खड़ी हैं. कई बहुएं मायके लौट गई, जबकि कई लड़कों की शादियां नहीं हो रही. कारण सिर्फ यही है कि गांव में इतनी मक्खियां हैं कि बैठना, उठना, खाना-पीना भी मुश्किल हो गया है।
वहीं कुछ युवकों का कहना है कि जब रिश्ते के लिए कोई यहां आता है तो उनके मक्खियां इतनी चिपक जाती हैं कि वह रिश्ता तो दूर, कुछ खाता पीता भी नहीं है और यह कह कर चला जाता है कि तुम्हारे गांव में कौन रहेगा. गांव की कई महिलाओं ने यह भी कहा कि उनके बेटों की शादी के रिश्ते नहीं आते. लोग आते हैं लेकिन उनका कहना है कि तुम्हारे गांव में इतनी मक्खियां है यहां मेरी लड़की नहीं रह सकती और चले जाते हैं. एक बहू भी मिली जो अपना झोला उठाये अपने मायके जा रही थी, उसका कहना था इस गांव में वह नहीं रहेंगी, जब मक्खियां चली जाएंगे तब यहां रहेंगे।









