Rajya Sabha Election: स्वाति मालीवाल को राज्यसभा चुनाव में उम्मीदवार बनाएगी AAP

Rajya Sabha Election: स्वाति मालीवाल को राज्यसभा चुनाव में उम्मीदवार बनाएगी AAP
Facebook
X
WhatsApp

Rajya Sabha Election: आम आदमी पार्टी ने दिल्ली की तीन राज्यसभा सीटों के लिए अपने उम्मीदवारों के नामों का ऐलान कर दिया है। पार्टी के वरिष्ठ नेता संजय सिंह को आप ने एक बार फिर राज्यसभा भेजने का फैसला किया है। दिल्ली के शराब घोटाले के सिलसिले में संजय सिंह इन दिनों जेल में बंद हैं। दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट ने संजय सिंह को जेल से ही नामांकन भरने की अनुमति दे दी है।

संजय सिंह के साथ ही पार्टी ने एनडी गुप्ता को भी राज्यसभा का दूसरा कार्यकाल देने का फैसला किया है। पार्टी ने राज्यसभा की तीसरी सीट के लिए दिल्ली महिला आयोग की अध्यक्ष स्वाति मालीवाल को चुनावी मैदान में उतारा है। स्वाति मालीवाल को पार्टी ने पहली बार राज्यसभा भेजने का फैसला किया है। दिल्ली में राज्यसभा चुनाव के लिए नामांकन प्रक्रिया 2 जनवरी को अधिसूचना जारी होने के साथ शुरू हो गई। 9 जनवरी पर्चा दाखिल करने की आखिरी तारीख होगी।

Rajya Sabha Election: स्वाति मालीवाल को पहली बार उतारा

दिल्ली के सभी तीन राजयसभा सांसदों का कार्यकाल गणतंत्र दिवस के एक दिन बाद 27 जनवरी को खत्म हो रहा है। इन सीटों पर 19 जनवरी को चुनाव होने वाला है। इससे पहले आम आदमी पार्टी ने तीनों सीटों पर अपने पत्ते खोल दिए हैं। दिल्ली महिला आयोग की अध्यक्ष स्वाति मालीवाल को पार्टी ने पहली बार राज्यसभा भेजने का फैसला किया है।

स्वाति मालीवाल को आप का मजबूत महिला चेहरा माना जाता रहा है और वे पार्टी को सियासी रूप से मजबूत बनाने में सक्रिय भूमिका निभाती रही हैं। अब पार्टी ने उन्हें बड़ा मंच मुहैया करने का फैसला किया है। संजय सिंह और एनडी गुप्ता को पार्टी की ओर से दूसरी बार राज्यसभा जाने का मौका मिलेगा। मौजूदा समय में दिल्ली की तीनों राज्यसभा सीटों पर आप का कब्जा है।

मौजूदा समय में संजय सिंह, सुशील कुमार गुप्ता और एनडी गुप्ता दिल्ली से राज्यसभा के सदस्य हैं, मगर सुशील कुमार गुप्ता को पार्टी ने अगला कार्यकाल न देने का फैसला किया है। उनके स्थान पर ही स्वाति मालीवाल को राज्यसभा भेजने का फैसला किया गया है। आप से जुड़े हुए सूत्रों का कहना है कि सुशील कुमार गुप्ता ने हरियाणा की राजनीति में सक्रिय होने की बात कही है। इसलिए पार्टी ने उनकी जगह मालीवाल को उम्मीदवार बनाया है।

आप के तीनों प्रत्याशियों की जीत तय

दिल्ली की तीनों राज्यसभा सीटों पर आम आदमी पार्टी के उम्मीदवारों की जीत तय मानी जा रही है। दिल्ली के पिछले विधानसभा चुनाव के दौरान आप ने बड़ी जीत हासिल की थी। पार्टी ने दिल्ली की 70 में से 62 विधानसभा सीटों पर जीत हासिल की थी जबकि भाजपा को सिर्फ आठ सीटें मिली थीं। दिल्ली विधानसभा में इस बड़ी ताकत के कारण आप के तीनों उम्मीदवार एक बार फिर राज्यसभा पहुंचने में कामयाब होंगे।

दिल्ली शराब घोटाले से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में संजय सिंह इन दिनों जेल में बंद है और वे जेल से ही राज्यसभा चुनाव के लिए नामांकन फार्म भरेंगे। इससे पहले राउज एवेन्यू कोर्ट ने संजय सिंह के आवेदन पर सुनवाई के बाद उन्हें जेल से नामांकन फार्म भरने की अनुमति दे दी थी। संजय सिंह की तरफ से कोर्ट को दिए गए आवेदन में तिहाड़ जेल सुपरिटेंडेंट को दस्तावेजों पर हस्ताक्षर करने की अनुमति देने का निर्देश देने की अपील की गई थी। अदालत की अनुमति के बाद अब आप ने उन्हें चुनावी अखाड़े में उतारने का ऐलान भी कर दिया है।

https://youtu.be/fXIqIl4S5qY?si=JEq-_dwNJxh5LU0F

The specified slider does not exist.

ताजा खबरें