Weather Update Today : उत्तर प्रदेश समेत देश के कई राज्यों में इन दिनों कड़ाके की ठंड ने लोगों को बेहाल कर रखा है। सुबह और रात के समय छाने वाला घना कोहरा भी लोगों के लिए बड़ी मुसीबत बना हुआ है। मौसम विभाग की ओर से दिल्ली, पंजाब, हरियाणा समेत कई राज्यों में शीतलहर और घने कोहरे का रेड अलर्ट जारी किया गया है।
INDIA ब्लॉक के नेताओं की वर्चुअल बैठक हुई शुरू. #india24x7livetv #NewsUpdates pic.twitter.com/ejV18aScDz
— India 24×7 live Tv (@india24x7livetv) January 13, 2024
उत्तर प्रदेश के लोगों को भी अभी ठंड से राहत नहीं मिलने वाली है और प्रदेश में अभी पहाड़ों जैसी सर्दी का दौर बना रहेगा। मौसम विभाग के अनुसार पिछले 24 घंटों के दौरान पंजाब, हरियाणा-चंडीगढ़-दिल्ली, राजस्थान के अधिकांश हिस्सों, उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों, दक्षिण राजस्थान, उत्तरी मध्य प्रदेश और बिहार मैं कड़ाके की ठंड रही और कई स्थानों पर न्यूनतम तापमान 3 से 7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

Weather Update Today : राजधानी दिल्ली में हाड़ कंपाने वाली ठंड
राजधानी दिल्ली के लोगों को इन दिनों करने की ठंड का सामना करना पड़ रहा है। मौसम विभाग का कहना है कि राजधानी दिल्ली में 16 जनवरी तक शीतलहर का कहर बना रहेगा। दिल्ली-एनसीआर में आज अधिकतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस तो न्यूनतम तापमान 5 डिग्री रहने की संभावना है।

दिल्ली में पिछले तीन-चार दिनों से काफी ज्यादा ठंड पड़ रही है और एक दिन तो न्यूनतम तापमान 3.8 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया था। ठंड और कोहरे का असर फ्लाइट्स और रेल सेवाओं पर भी दिख रहा है।
Weather Update Today : यूपी में पहाड़ों जैसी सर्दी
उत्तर प्रदेश भी इन दिनों कड़ाके की ठंड की गिरफ्त में है। मौसम की जानकारों के मुताबिक प्रदेश में अभी पहाड़ों जैसी सर्दी का दौर बना रहेगा। प्रदेश के कई जिलों में आज भी कोल्ड डे की स्थिति बनी रहेगी। पिछले 24 घंटे के दौरान कानपुर सबसे ठंडा शहर रहा जहां न्यूनतम तापमान 3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। आगरा में भी कड़ाके की ठंड महसूस की गई और यहां का न्यूनतम तापमान 3.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

Weather Update Today : कई शहरों में शीतलहर और घने कोहरे का अलर्ट
मौसम विभाग की ओर से आज प्रदेश के कई शहरों में शीतलहर चलने की संभावना जताई गई है। इसके साथ ही 24 जिलों में घने कोहरे का कहर बना रहेगा। इन जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। वैसे राहत पहुंचाने वाली बात यह है कि अब प्रदेश के मैदानी इलाकों में ठंड के दौरान बारिश होने की संभावना नहीं है। मौसम की जानकारों के मुताबिक प्रदेश में बारिश तो नहीं होगी मगर सुबह और रात के समय ठंड में बढ़ोतरी दर्ज की जा सकती है। जिन इलाकों में धूप निकलेगी,वहां के लोगों को राहत मिलने की संभावना है।

Weather Update Today : बर्फीली हवाओं से नहीं मिलेगी मुक्ति
पंजाब और हरियाणा में आज बर्फीली हवाएं चलने की संभावना है। मौसम विभाग के मुताबिक घने कोहरे और ठंड का यह दौर अगले 5 दिनों तक जारी रह सकता है। पंजाब में शुक्रवार को सूरज निकलने के बावजूद बर्फीली हवाओं के कारण कड़ाके की ठंड से कोई राहत नहीं मिल पाई। अमृतसर में सबसे कम तापमान 1.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हरियाणा के नारनौल में न्यूनतम तापमान 2.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। शिमला के मौसम विभाग की ओर से लगाए गए पूर्वानुमान के मुताबिक राज्य के अधिकांश इलाकों में बारिश और बर्फबारी होने की संभावना है।

Weather Update Today : 16 जनवरी तक छाया रहेगा घना कोहरा
स्काईमेट वेदर की रिपोर्ट के मुताबिक पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश और दिल्ली के कुछ हिस्सों में 16 जनवरी तक सुबह के समय घना से बहुत घना कोहरा छाए रहने की संभावना है। पश्चिम बंगाल, ओडिशा, जम्मू संभाग, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, बिहार, उत्तरी मध्य प्रदेश, असम, मेघालय, मिजोरम और त्रिपुरा के कुछ हिस्सों में भी 16 जनवरी तक कोहरा लोगों के लिए मुसीबत बन सकता है।

पंजाब और हरियाणा के कुछ हिस्सों में कोल्ड डे से लेकर सीवियर कोल्ड डे की स्थिति जारी रहने का अनुमान है। उत्तराखंड के कुछ हिस्सों में कोल्ड डे की स्थिति जारी रहने की संभावना है। पश्चिमी हिमालय में अगले 48 घंटे के दौरान छिटपुट बारिश और बर्फबारी होने की संभावना है।









