Gorakhpur News : उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को मकर संक्रांति और खिचड़ी पर्व पर प्रदेशवासियों को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि इस पर्व पर आस्था को सम्मान देने के लिए पूरे प्रदेश के अंदर सुरक्षा सुविधा व सहूलियत के व्यापक इंतजाम किए गए हैं।
प्रधानमंत्री मोदी ने दीं मकर संक्रांति, माघ बीहू और पोंगल शुभकामनाएं. #india24x7livetv #NewsUpdate #PMModi pic.twitter.com/Oc5cFdX6Cn
— India 24×7 live Tv (@india24x7livetv) January 15, 2024
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि सरकार का प्रयास है कि कहीं भी श्रद्धालुओं को कोई असुविधा न हो। इसे लेकर पूरे प्रदेश में हर जगह पर्याप्त व्यवस्था की गई है। गोरखनाथ मंदिर में भी खिचड़ी चढ़ाने आए लाखों श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए सारी व्यवस्थाएं की गई हैं।

उन्होंने कहा कि गोरखनाथ मंदिर में कल से ही बड़ी संख्या में श्रद्धालु शिवावतार महायोगी गोरखनाथ को खिचड़ी चढ़ा रहे हैं और आज मकर संक्रांति के मुख्य पर्व पर यह संख्या लाखों में दिख रही है। गुरु गोरखनाथ को आस्था की पवित्र खिचड़ी चढ़ाने के लिए सड़कों पर लंबी-लंबी कतारें लगी हुई हैं और लोग अनुशासित होकर दर्शन-पूजन और खिचड़ी चढ़ाने का अनुष्ठान में सम्मिलित हो रहे हैं। इन श्रद्धालुओं के लिए प्रशासन के साथ ही मंदिर प्रबंधन की तरफ से भी व्यापक प्रबंध किए गए हैं।
Gorakhpur News : शुभ और मांगलिक कार्यक्रमों के लिए प्रशस्ति तिथि है मकर संक्रान्ति
जगतपिता सूर्य से प्रदेशवासियों के शुभ व मंगलमय जीवन की कामना करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि बारह राशियों में भ्रमणशील सूर्यदेव मकर संक्रांति पर धनु राशि से मकर राशि में प्रवेश करने के साथ दक्षिणायण से उत्तरायण होते हैं। मकर संक्रांति हर प्रकार के शुभ और मांगलिक कार्यक्रमों के लिए प्रशस्ति तिथि मानी गई है। आज से शुभ व मांगलिक कार्य भी प्रारम्भ हों जाएंगे।

सीएम योगी ने कहा कि मकर संक्रांति के पावन पर्व पर लोग संगम तट, नदियों व सरोवरों में स्नान करके अपनी आस्था को पुष्ट करने के साथ भारत की सनातन परंपरा के प्रति दृढ़ विश्वास को आगे बढ़ा रहे हैं। उन्होंने कहा कि हजारों वर्षों से जारी मकर संक्रांति की महत्वपूर्ण परंपरा में लाखों की संख्या में श्रद्धालु ब्रह्म मुहूर्त से ही पूरी श्रद्धा के साथ जुड़े हुए हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि मकर संक्रांति के अवसर पर प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए मैं कामना करता हूं कि इस पर्व से सभी के जीवन में सुख, समृद्धि और खुशहाली आये।









