Bulandshahr News: 2024 में होने वाले लोकसभा चुनावों का आगाज देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 25 जनवरी को यूपी के बुलन्दशहर (Bulandshahr News) से करेंगे। अयोध्या में श्री रामलला की प्राण प्रतिष्ठा के बाद मिशन-2024 की पीएम मोदी की पहली चुनावी रैली की तैयारी में प्रशासन और भाजपा के दिग्गज जुट गए हैं। रैली में पश्चिमी यूपी के लाखों लोगों के जुटने की संभावना जताई जा रही है।
भाजपा मिशन 2024 का बुलंदशहर से आगाज करने जा रही है। बुलंदशहर की सभी सातों विधानसभा सीटों और लोकसभा सीट सहित जिला पंचायत पर भाजपा का कब्जा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 22 जनवरी 2024 को अयोध्या में श्री रामलला की प्राण प्रतिष्ठा करेंगे। इसके बाद पीएम मोदी मिशन 2024 का बिगुल बुलंदशहर से बजाएंगे।
भाजपा के जिलाध्यक्ष विकास चौहान और सांसद भोला सिंह ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का 25 जनवरी 2024 को बुलंदशहर में पश्चिमी यूपी की विशाल जनसभा करने का कार्यक्रम है इससे पूर्व 23 जनवरी को उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री आदित्यनाथ योगी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की होने वाली जनसभा की तैयारी की समीक्षा करने बुलंदशहर आएंगे।
— India 24×7 live Tv (@india24x7livetv) January 17, 2024
दरअसल मिशन 2024 में भाजपा 400 के पार लक्ष्य बनाकर काम कर रही है। भाजपा के सूत्रों की माने तो पश्चिमी उत्तर प्रदेश में भाजपा के 14 में से 8 सांसद हैं, 6 लोकसभा सीटों पर भाजपा को हार का मुंह देखना पड़ा था।
सहारनपुर, बिजनौर, नगीना, संभल अमरोहा और मुरादाबाद में गैर भाजपाई प्रत्याशियों ने भाजपा प्रत्याशियों को शिकस्त दी थी। माना जा रहा है कि इन सभी सीटों पर भाजपा 2024 में भगवा लहराने की तैयारी में है। जिसके क्रम में देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बुलंदशहर से चुनावी आगाज कर पूर्व में हारी सीटों के मतदाताओं और कार्यकर्ताओ को साधेंगे तथा जीत का मंत्र देंगे।
Bulandshahr News: बुलंदशहर से ही हुआ था 2014 में चुनाव का आगाज
दरअसल 2014 में हुए लोकसभा चुनाव का आगाज भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुलंदशहर से किया था और भाजपा पूर्ण बहुमत से सत्ता में आई थी। इसीलिए भाजपा 2024 के लोक सभा चुनावों का भी आगाज बुलंदशहर से कर 2024 फतेह करने की रण नीति बना चुकी है।
भाजपा के पश्चिमी क्षेत्र के भाजपा अध्यक्ष सत्येंद्र सिसोदिया ने बताया कि रैली में पश्चिमी जिलों के कार्यकर्ता हिस्सा लेंगे, रैली में लाखों कार्यकर्ताओं के जुटने की संभावना है। मिशन 2024 को फतेह करने के लिए भाजपा ने देश को क्लेस्टर्स में विभाजित कर क्लस्टर प्रभारी बनाए है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री आदित्यनाथ योगी के कार्यक्रम की तैयारी को लेकर जिला प्रशासन जुट गया है।
रैली के लिए स्थान का चयन किया जा रहा है। डीएम और एसएसपी भाजपा जिलाध्यक्ष विकास चौहान, भाजपा सांसद भोला सिंह के साथ स्थान चयन की प्रक्रिया में जुटे है। भाजपा जिला अध्यक्ष विकास चौहान ने बताया कि बुलंदशहर ककोड़ मार्ग पर चांदमारी मैदान में पीएम नरेंद्र मोदी की विशाल जनसभा होगी।









