आगरा। ठीक दस साल के बाद एक बार फिर से शहर को दुल्हन की तरह सजाया जाएगा फिर वह चाहे वीआइपी रोड के आसपास का क्षेत्र हो या फिर हरीपर्वत, ताजगंज व अर्जुननगर। प्रत्येक प्रमुख रोड के किनारे गमले रखे जाएंगे। हर चौराहे व तिराहे पर सजावट के लिए रंगीन पर्दों का प्रयोग किया जाएगा। खेरिया एयरपोर्ट का सुंदरीकरण होगा। जी-20 के प्रतिनिधियों का स्वागत मयूर नृत्य से किया जाएगा। इसके लिए डीएम नवनीत सिंह चहल ने हर विभाग को जिम्मेदारी सौंप दी है। नोडल अधिकारियों की तैनाती की जा रही है।
भारत को जी-20 की अध्यक्षता मिली है। वर्ष 2023 में शिखर सम्मेलन नौ व दस सितंबर को दिल्ली में होगा लेकिन एक दिसंबर 2022 से 30 नवंबर 2023 तक जी-20 के प्रतिनिधियों के साथ विभिन्न संगठनों की बैठकें होंगी। फरवरी में कल्चरल कोर ग्रुप की बैठक आगरा में होगी। ऐसे में ताजमहल, आगरा किला, फतेहपुरसीकरी सहित अन्य स्मारकों के दर्शन के लिए हर दिन मेहमान आएंगे। मेहमान रोड या फिर वायुयान से आएंगे। खेरिया एयरपोर्ट के निदेशक एए अंसारी ने बताया कि एयरपोर्ट का सुंदरीकरण कराया जाएगा। सफाई व्यवस्था के अलावा लैंड स्केपिंग पर भी ध्यान दिया जाएगा। यह कार्य जल्द शुरू होने जा रहे हैं। डीएम नवनीत सिंह चहल ने कहा जी-20 देशों के प्रतिनिधिमंडल के सदस्य अपने शहर की एक अच्छी छवि लेकर जाएंगे। इसके लिए शहर को सजाया जाएगा।
इन विभागों को मिली जिम्मेदारी
– नगर निगम : सफाई व्यवस्था, कूड़ा उठान, रोड और पेड़-पौधों की धुलाई, स्ट्रीट लाइट की मरम्मत, गमलों को रखना, रोड का निर्माण व मरम्मत, सुंदरीकरण कराना, अतिक्रमण हटाना।
– एनचएआइ मथुरा व आगरा खंड : नेशनल हाईवे की सफाई, स्ट्रीट लाइट की मरम्मत, संरक्षा के सभी इंतजाम व बोर्ड लगाना।
– लोक निर्माण विभाग : विभिन्न रोड की मरम्मत व निर्माण।
– एएसआइ : सभी स्मारकों में प्रतिनिधियों के भ्रमण की व्यवस्था करना
– जल संस्थान : पेयजल व्यवस्था को ठीक करना
– टोरेंट कंपनी : बिजली व्यवस्था को लेकर
– एडीए : संबंधित रोड का निर्माण व मरम्मत।
ग्लोबल पार्टनर समिट में सजा था शहर
सपा शासनकाल में 27 से 29 जनवरी 2013 में आगरा में ग्लोबल पार्टनर समिट हुई थी। 25 को तत्कालीन मुख्यमंत्री अखिलेश यादव शामिल हुए थे। समिट के दौरान सभी चौराहों को दुल्हन की तरह सजाया गया था।









