Ambedkar Nagar News: अकबरपुर-अयोध्या मार्ग पर रविवार रात संदिग्ध हालात में कांवड़िया का शव पेड़ की डाल पर फंदे से लटकता मिला था। घटना को 12 घंटे बीतने के बाद भी पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम नहीं कराया। नाराज कांवड़ियों और स्वजन ने सोमवार की दोपहर अयोध्या-अकबरपुर मुख्य मार्ग पर बांस-बल्ली लगाकर जाम कर दिया और प्रदर्शन करने लगे। कई थानों की फोर्स मौके पर पहुंच गई। सीओ सिटी ने कार्रवाई का भरोसा दिला प्रदर्शनकारियों को शांत कराया है।
अयोध्या गए थे जल लेने
अकबरपुर के सिझौली मुहल्ला के राकेश राजभर जय श्री महाकाल कांवड़िया संघ के साथ शनिवार को अयोध्या जल लेने गए थे। (Ambedkar Nagar News) रविवार को शिवबाबा में जलाभिषेक करने के बाद वह अपने साथियों को वहीं छोड़ अकेले ही घर के लिए निकल पड़ा।
देर रात आठ बजे के करीब नगर पालिका अकबरपुर के मिर्जापुर कोड़रा मुहल्ला स्थित पानी टंकी के निकट लगे पेड़ की डाल से उसका शव गमछे के सहारे लटका रहा था। पुलिस ने शव को कब्जे में लिया था। मृतक के छोटे भाई विनोद ने बताया कि पुलिस ने रात में ही शव का पोस्टमार्टम कराने की बात कही थी, लेकिन सोमवार सुबह 11 बजे तक पोस्टमार्टम नहीं कराया।
आरोप है कि भाई की हत्या कर शव पेड़ से लटकाया गया है, क्योंकि जिस पेड़ से शव लटक रहा था वह काफी छोटा और पतला है, ऐसे में हत्या कर शव लटकाए जाने की आशंका प्रबल है।
तीन लोग छीन रहे थे मोबाइल
कांवड़ यात्रा में साथ गए मृतक के चचेरे भाई विपिन ने बताया कि शिवबाबा धाम पर डीजे कंपटीशन के दौरान चचेरे भाई राकेश की मुलाकात मुझसे हुई थी। उसने बताया था कि तीन लोग उसका मोबाइल छीनने की कोशिश कर रहे हैं। भीड़ आने के बाद सभी भाग गए थे। उसने बताया कि वह किसी को पहचान नहीं रहा था। वह बहुत परेशान भी था, लेकिन बिना कुछ बताए वह वहां से चला गया।
https://youtu.be/QQk9mtbTDNE










