Ballia news: उत्तर प्रदेश के बलिया जिले से एक मामला सामने आया है जिसमें छात्रों का आपस में विवाद हो गया जिसके बाद कुछ छात्रों को टीचर्स ने इतना मारा कि उनका हाल बेहाल कर दिया. बच्चे न्याय की गुहार लगाने पुलिस के पास पहुंचे हैं. पुलिस ने जब देखा तो स्कूली बच्चों की पीठ और पांव पर लाठियों के गहरे निशान बने हुए थे. फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज किया है और बच्चों का मेडिकल भी करवाया है.
जानकारी के मुताबिक यह पूरा मामला जिले के मनियर बड़गांव के उच्च प्राथमिक स्कूल का है. (Ballia news) यहां पर आठवीं क्लास में पढ़ने वाले बच्चों के बीच आपसी विवाद हो गया. विवाद के बाद कुछ बच्चों ने टीचर से जाकर शिकायत कर दी कि बाहर खड़े बच्चे उन्हें पीटने के लिए खड़े हुए हैं. इस पर कुछ टीचर्स आपे से बाहर हो गए और बाहर खड़े हुए बच्चों को जाकर लाठियों से पीट दिया. इस दौरान बच्चों को पीठ, गर्दन, कमर और पांव में गंभीर चोटें आई हैं.
दो टीचर्स के खिलाफ मुकदमा
बच्चे इसी हाल में मनियर थाना क्षेत्र पहुंचे और पुलिस से शिकायत की. पुलिस ने उनकी शिकायत के बाद तुरंत ही बच्चों को मेडिकल करवाया है और उन्हें इलाज के बाद घर जाने की नसीहत दी है. उनकी शिकायत के आधार पर पुलिस ने दो शिक्षकों के खिलाफ केस दर्ज किया है. बच्चों से जब यह पूछा गया कि वह थाने क्यों आए हैं तो उनमें से एक ने कहा कि, मास्टर साबह मारे हैं इसलिए थाने पर आए हैं.
इस पूरे मामले की सूचना पर स्कूल पहुंचे खंड शिक्षा अधिकारी ने कहा कि इस घटना के दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा और उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी. इस दौरान जो भी कार्रवाई अधिकतम हो सकती है वह की जाएगी. उन्होंने कहा कि कई बार मीटिंग करके टीचर्स को हिदायत दी गई है कि स्कूलों का माहौल अच्छा रखा जाए और ऐसे माहौल में ही स्कूल चलाए जाएं. उन्होंने कहा कि अगर बाद में भी यही स्थिति रहेगी तो उस हिसाब से कार्रवाई की जाएगी.
https://youtu.be/irM8SfShp9U










