Barabanki News: बढ़ते वायु प्रदूषण पर नियंत्रण लगाने और वाहनों की सही तरीके से प्रदूषण जांच सुनिश्चित करने के लिए परिवहन विभाग ने सख्ती शुरू कर दी है। सड़क सुरक्षा पखवाड़ा के तहत शनिवार को सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रशासन) अमिताभ राय के नेतृत्व में मोटरयान निरीक्षक (एमवीआई) बलवंत सिंह यादव ने शहर के विभिन्न इलाकों में संचालित प्रदूषण जांच केंद्रों का औचक निरीक्षण किया।
जांच मशीनों और पीयूसी प्रमाण-पत्रों के रिकॉर्ड खंगाले
निरीक्षण के दौरान मोटरयान निरीक्षक ने प्रदूषण जांच केंद्रों पर लगी मशीनों की कार्यप्रणाली, सॉफ्टवेयर अपडेट, कैलिब्रेशन सर्टिफिकेट और जारी किए जा रहे प्रदूषण नियंत्रण प्रमाण-पत्र (PUC) के रिकॉर्ड की बारीकी से जांच की।

इसके अलावा ऑनलाइन पोर्टल पर अपलोड किए जा रहे डेटा की सही स्थिति परखने के लिए कई केंद्रों पर धुआं जांचने वाली मशीनों और वेबकैम की स्थिति का भी जायजा लिया गया। अधिकारियों ने यह सुनिश्चित करने का प्रयास किया कि वाहनों की प्रदूषण जांच निर्धारित मानकों के अनुसार की जा रही है या नहीं।
फर्जी प्रमाण-पत्र जारी करने पर लाइसेंस होगा रद्द
निरीक्षण के दौरान केंद्र संचालकों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि बिना वाहन की भौतिक जांच किए किसी भी स्थिति में प्रदूषण प्रमाण-पत्र जारी न किया जाए। फर्जी तरीके से पीयूसी प्रमाण-पत्र जारी करने की शिकायत मिलने पर संबंधित केंद्र का लाइसेंस तत्काल प्रभाव से निरस्त किया जा सकता है।
अधिकारियों ने सभी केंद्र संचालकों को सरकार द्वारा निर्धारित शुल्क सूची केंद्र के बाहर स्पष्ट रूप से प्रदर्शित करने के निर्देश भी दिए, ताकि वाहन चालकों को जांच शुल्क की सही जानकारी मिल सके।
खामियां मिलने पर संचालकों को चेतावनी
निरीक्षण के दौरान कुछ प्रदूषण जांच केंद्रों पर मामूली खामियां भी सामने आईं। इस पर मोटरयान निरीक्षक ने संबंधित संचालकों को कड़ी चेतावनी देते हुए निर्धारित समय सीमा के भीतर कमियों को दूर करने के निर्देश दिए।
परिवहन विभाग की इस कार्रवाई का उद्देश्य प्रदूषण जांच प्रक्रिया में पारदर्शिता लाना, फर्जी प्रमाण-पत्रों पर रोक लगाना और सड़क सुरक्षा के साथ पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देना है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि नियमों का उल्लंघन करने वाले केंद्रों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।










