Barabanki News: बाराबंकी, 17 अक्टूबर। आगामी 23 अक्टूबर को होने वाले उत्तर प्रदेश विधान परिषद के लखनऊ खंड स्नातक एवं लखनऊ खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों के द्विवार्षिक निर्वाचन-2026 के अंतर्गत नियुक्त पीठासीन अधिकारियों, मतदान अधिकारियों एवं माइक्रो ऑब्जर्वरों का द्वितीय प्रशिक्षण डीआरडीए स्थित गांधी सभागार में मुख्य विकास अधिकारी श्री पंकज वर्मा की उपस्थिति में सम्पन्न हुआ।
प्रशिक्षण के दौरान मुख्य विकास अधिकारी ने माइक्रो ऑब्जर्वरों द्वारा भरी जाने वाली चेकलिस्ट के विभिन्न बिंदुओं पर चर्चा करते हुए निर्देशित किया कि सभी कार्मिक मतदान की संपूर्ण प्रक्रिया को भली-भांति समझ लें, ताकि निर्वाचन के दिन अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी दक्षता एवं सतर्कता के साथ कर सकें। उन्होंने पीठासीन अधिकारियों एवं मतदान अधिकारियों को मतदान केंद्र पर व्यवस्थाओं, मतदाताओं की पहचान, मतपत्र उपलब्ध कराने, मतदान की गोपनीयता बनाए रखने तथा निर्धारित प्रपत्रों को सही ढंग से भरने सहित निर्वाचन से संबंधित सभी प्रक्रियाओं का गंभीरतापूर्वक अध्ययन करने के निर्देश दिए।

जिला विकास अधिकारी श्री भूषण कुमार ने माइक्रो ऑब्जर्वरों के कार्यों एवं दायित्वों पर विस्तार से चर्चा करते हुए निर्देशित किया कि वे मतदान प्रक्रिया का निष्पक्ष एवं सतर्कतापूर्वक अवलोकन करें तथा निर्धारित प्रपत्रों पर सभी आवश्यक सूचनाएं सही ढंग से अंकित कर अपनी रिपोर्ट उपलब्ध कराएं। उन्होंने निर्वाचन प्रक्रिया के प्रत्येक महत्वपूर्ण बिंदु पर विशेष ध्यान देने तथा किसी भी प्रकार की विसंगति पाए जाने पर निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार रिपोर्ट करने पर बल दिया।

प्रशिक्षण के दौरान मास्टर ट्रेनरों द्वारा मतदान प्रक्रिया के विभिन्न चरणों की विस्तृत जानकारी दी गई। मतपेटी को खोलने एवं सील करने की प्रक्रिया का व्यावहारिक प्रदर्शन करते हुए आवश्यक सावधानियों से अवगत कराया गया। साथ ही पीठासीन अधिकारियों एवं मतदान अधिकारियों को उनके कार्यों, दायित्वों, मतदान संबंधी अभिलेखों के संधारण, मतपत्रों के प्रबंधन तथा मतदान समाप्ति के बाद मतपेटी को सील करने एवं निर्वाचन सामग्री जमा कराने की प्रक्रिया के संबंध में जानकारी दी गई।
प्रशिक्षण में सभी संबंधित मतदान कार्मिकों को निर्देशित किया गया कि वे निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का पूर्ण अनुपालन सुनिश्चित करते हुए अपने दायित्वों का निर्वहन निष्पक्षता, पारदर्शिता एवं जिम्मेदारी के साथ करें, जिससे विधान परिषद निर्वाचन को स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं सुचारु रूप से सम्पन्न कराया जा सके। श्री आशीष पाठक द्वारा पीपीटी के माध्यम से मा0 आयोग द्वारा निर्धारित प्रक्रिया के सम्बंध में प्रस्तुतिकरण दिया गया। इस दौरान सर्व सम्बन्धित उपस्थित रहे।









