GREATER NOIDA: उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा में शुक्रवार को बड़ा हादसा हो गया. यहां एक निर्माणाधीन बिल्डिंग की लिफ्ट गिर गई. इस हादसे में 4 लोगों की मौत हो गई. हादसे की सूचना मिलते ही मौके पर पुलिस की एक टीम पहुंची है. घटनास्थल पर अफरातफरी का माहौल है. वहीं, इस हादसे में कुछ लोग घायल भी हुए हैं, जिन्हें पास के अस्पताल में इलाज के लिए ले जाया गया है.
बताया जा रहा है कि बिसरख थाना क्षेत्र के गौर सिटी के पास आम्रपाली बिल्डर का निर्माण कार्य चल रहा है. इसी बीच, लिफ्ट अचानक नीचे गिर गई. इस हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई. घटनास्थल पर दूसरे मजदूर भागे-भागे पहुंचे. वहीं, किसी ने इसकी सूचना स्थानीय पुलिस को भी दी. (GREATER NOIDA) पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि घायलों को अस्पताल ले जाया गया है, डॉक्टरों की एक टीम इलाज में जुटी है.
हादसे में घायल मरीजों को अस्पताल में कराया गया भर्ती
पुलिस के एक अधिकारी ने कहा कि हादसे के कारणों की जांच की जाएगी. हालांकि, इस संबंध में मौके पर मौजूद मजदूरों से बात की गई है. वहीं, हादसे में जिन लोगों की मौत हुई है, उनके परिजनों को सूचना भेजने की कवायद की जा रही है. पुलिस की एक टीम निर्माण कार्य की देख-रेख कर रहे मैनेजर से भी संपर्क साधने में जुटी है.
महाराष्ट्र के ठाणे में ऐसा ही हुआ था हादसा
बता दें कि इसी महीने यानि सितंबर में ठीक ऐसा ही हादसा महाराष्ट्र के ठाणे में हुआ था. यहां बालकुम इलाके में लिफ्ट के गिरने से 7 लोगों की मौत हो गई थी. यह हादसा ठाणे पश्चिम के रुणवाल कॉम्प्लेक्स में हुआ था. इस कॉम्प्लेक्स में भी बिल्डिंग का निर्माण कार्य चल रहा था. बिल्डिंग के नीचे मजदूर काम कर रहे थे, तभी लिफ्ट अचानक नीचे गिर गई और मजदूर उसमें दब गए.
https://youtu.be/Dv9BXWDo7c0?si=6U19nNa68q374xyv










