बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का 71 वां जन्मदिन है. इस अवसर पर बिहार समेत देश भर से नीतीश कुमार को बधाई संदेश दिये जा रहे हैं. देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी सीएम नीतीश कुमार को जन्मदिन की बधाई दी. नीतीश कुमार के जन्मदिन के मौके पर सुबह-सुबह ही पीएम मोदी ने टेलीफोन पर जन्मदिन की बधाई दी.
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के अलावा देश भर के अन्य नेता भी सीएम नीतीश कुमार को बधाई दे रहे हैं. नीतीश कुमार को बधाई देने वाले नेताओं में विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव भी शामिल हैं. मुख्यमंत्री नीतीश कुमार अपना जन्मदिन हमेशा सादगी से मनाते हैं कोई भी बड़ा आयोजन नहीं किया जाता है लिहाजा इस बार भी नीतीश कुमार के 71 वें जन्म दिवस के अवसर पर बड़े कार्यक्रमों का आयोजन नहीं किया गया है
बिहार के नेता भी बड़ी संख्या में सुबह से ही नीतीश कुमार को जन्मदिन की बधाई दे रहे हैं. जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष ललन सिंह सहित पार्टी के अन्य कई नेताओं ने ट्वीट कर नीतीश कुमार को जन्मदिन की बधाई दी. टेलीफोन के अलावा बड़ी संख्या में लोग ट्विटर पर भी नीतीश कुमार को जन्मदिन की शुभकामनाएं दे रहे हैं. बिहार विधानसभा के अध्यक्ष विजय सिन्हा ने भी मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को बधाई देते हुए दीर्घायु होने की कामना की है.
बिहार सरकार के जल संसाधन मंत्री संजय झा ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को जन्मदिन की बधाई दी . संजय झा ने कहा कि नीतीश कुमार ने 16 वर्षों तक निष्ठा पूर्वक बिहार की जनता के लिए काम किया है. बिहार का पुराना गौरव नीतीश कुमार ने वापस लाया. नीतीश कुमार ने दिखाया यदि आप में जातिवाद नहीं हो परिवारवाद नहीं हो तो किस तरीके से एक बड़ा बदलाव किया जा सकता है. |













