देश में कोरोना के बढ़ते मामलों के बीच आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सभी राज्यों के मुख्यमंत्रियों की एक बैठक बुलाई है। इस बैठक में पीएम मोदी देशभर में कोरोना की स्थिति की समीक्षा करेंगे। कोरोना वायरस की चौथी लहर की आशंकाओं के बीच पीएम मोदी की राज्यों के मुख्यमंत्रियों के साथ यह पहली बैठक है। हालांकि इससे पहले समय-समय पर कोरोना को लेकर वे मुख्यमंत्रियों से बात करते रहे हैं। पीएम मोदी की बैठक के दौरान केंद्रीय स्वास्थ्य सचिव राजेश भूषण देश में कोरोना की स्थिति पर एक प्रजेंटेशन भी देंगे।
प्रधानमंत्री ने देश में एक बार फिर से बढ़ते कोविड-19 संक्रमण के मामलों के मद्देनजर रविवार को मन की बात के जरिए देशवासियों को कोरोना से सतर्क रहने और मास्क पहनने, उचित दूरी का पालन करने और लगातार हाथ धोने जैसे बचाव के सभी उपायों का पालन करने का आग्रह किया था।
कई त्योहारों से पहले पीएम मोदी ने रविवार को लोगों से अपील की थी कि वह कोरोना के खतरे को लेकर अलर्ट रहे और कोरोना प्रोटोकॉल का पालन करें। अपने मन की बात कार्यक्रम में भी पीएम मोदी ने कहा कि ईद, अक्षय त्रितिया, भगवान परशुराम की जयंती, वैशाख बुद्ध पूर्णिमा को आने वाले दिनों में मनाया जाएगा। ये सभी त्योहार अहम है लेकिन लोगों को इसे सावधानी से मनाना चाहिए। आप सभी को अग्रिम बधाई इन त्योहारों की। इन त्योहारों को आपसी भाईचारे के साथ मनाइए।
पीएम मोदी ने कहा कि इन सब के बीच आपको कोरोना से अलर्ट भी रहना है। मास्क पहनिए, हाथ लगातार धोइए, जो भी जरूरी कदम है उसका पालन कीजिए। बता दें कि मंगलवार को देश में कोरोना के 2483 नए मामले सामने आए थे, , इसके साथ ही देश में कोरोना के संक्रमण के मामलों की संख्या 43062569 पहुंच गई है। जबकि देश में सक्रिय मामलों की बात करें तो यह संख्या 15636 है। दिल्ली, उत्तर प्रदेश, कर्नाटक, पंजाब और हरियाणा में कोरोना के नए मामलों में बढ़ोत्तरी सबसे अधिक देखने को मिली है।









