उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद जिले में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। शादी से इंकार पर प्रेमिका ने जहर खा लिया। प्रेमिका जहर खाने का मजाक तो नहीं कर रही यह देखने के लिए प्रेमी ने उसी जहर की खाली पुड़िया को चाट लिया। इसके बाद प्रेमी युगल बेहोश हो गए। वहीं पड़ोसियों ने आनन-फानन में दोनों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया। प्रेमिका की मौत की खबर मिलते ही प्रेमी अस्पताल से फरार हो गया। हालांकि पुलिस प्रेमी को तलाश कर रही है। हापुड़ शहर में बुलंदशहर रोड पर मोहल्ला नबीकरीम निवासी 42 वर्षीय बबीता का गाजियाबाद के कस्बा मोदीनगर स्थित हरमुखीपुरी निवासी 25 वर्षीय अभिषेक त्रिपाठी से प्रेम-प्रसंग चल रहा था।
बता दे कि अभिषेक एक प्राइवेट कंपनी में नौकरी करता है। नौकरी के सिलसिले में वह अक्सर हापुड़ जाता था। इसी दौरान उसकी मुलाकात बबीता से हुई। जिसके बाद दोनों का प्रेम-प्रसंग शुरू हो गया। बताया जा रहा है कि यह सिलसिला पिछले तीन सालों से चल रहा है। बबीता के एक बेटा और एक बेटी है। वहीं बीते मंगलवार को बबीता अचानक से गाजियाबाद पहुंच गई। इसके बाद उसने अभिषेक को काफी बार फोन किया, लेकिन युवक ने उसका फोन नहीं उठाया। जिसके बाद वह रात 11 बजे प्रेमी के घर पहुंच गई। वहीं अभिषेक का पूरा परिवार कहीं बाहर गया हुआ था। इस बीच दोनों के बीच काफी विवाद हुआ। बबीता अभिषेक के साथ रहना चाहती थी। लेकिन अभिषेक ने उसे अपने साथ रखने से इंकार कर दिया और शादी करने से भी मना कर दिया।
शादी के लिए इंकार करने पर प्रेमिका ने जहर खा लिया और वहीं पर बेहोश होकर गिर पड़ी। अभिषेक को लगा कि वह मजाक कर रही है तो सच्चाई जानने के लिए उसने भी जहर की पुड़िया उठाकर चाट ली। जिसके बाद दोनों को संयुक्त जिला अस्पताल गाजियाबाद के लिए रेफर कर दिया गया। वहां पर डॉक्टरों ने महिला को मृत घोषित कर दिया। प्रेमिका की मौत की खबर मिलते ही युवक नजर बता कर अस्पताल से फरार हो गया। मामले की जानकारी मिलने के बाद मृतका के परिवार वाले भी मौके पर पहुंच गए। परिजनों का आरोप है कि अभिषेक ने बबीता को जहर दिया है। आरोप है कि शादी का झांसा देकर युवक बबीता का शारीरिक शोषण कर काफी पैसे भी ऐंठ चुका है।









