यूपी के पीलीभीत में दो दिन पहले मामूली विवाद में हुए पथराव में घायल ग्रामीण की आज माैत हो गई। घटना में घायल हुए ग्रामीण को पुलिस ने चिकित्सा परीक्षण कराने के लिए अस्पताल भेजा था। जहां अंदरूनी चोट बताकर एक्सरे के लिए जिला अस्पताल रेफर किया गया था, लेकिन वह नहीं गया।
थाना बिलसंडा क्षेत्र के गांव विलासपुर निवासी ओमकार का भतीजा आदेश कुमार विगत बुधवार को अपराह्न घास काटने के लिए खेत पर गया था। वहां मौजूद गांव के ही पिंटू से उसका विवाद हो गया। वापस लौटकर आदेश ने घटना की जानकारी अपने चाचा को दी। इस पर ओमकार ने पिंटू के परिवार से शिकायत की। इसके बाद मामला शांत होने के बजाय झगड़ा बढ़ गया। देखते ही देखते दोनों ओर से जमकर ईंट-पत्थर चले। जिसमें ओमकार घायल हो गया।
उसकी ओर से थाने में पिंटू और उसके परिवार के रामबहादुर तथा श्यामू के विरुद्ध प्रार्थना पत्र दिया गया। पुलिस ने एनसीआर पंजीकृत करके घायल को चिकित्सा परीक्षण के लिए अस्पताल भेजा। बिलसंडा का सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर चिकित्सक ने अंदरूनी चोट की बात कहते हुए एक्सरे के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया लेकिन वह एक्सरे कराने नहीं पहुंचा। शुक्रवार को सुबह घायल की अपने घर में ही मृत्यु हो गई।
घायल की मृृत्यु हो जाने की जानकारी पाकर बीसलपुर के सीओ मनोज कुमार गांव पहुंचे और मृतक के स्वजन से घटना के बाबत पूरी जानकारी ली। थानाध्यक्ष अचल कुमार का कहना है कि आरोपितों की जल्द गिरफ्तारी होगी।









