Lucknow News: बेंगलुरू में रहने वाले बैंक अधिकारी ने तकनीक की मदद से अपने अलीगंज स्थित घर में होने वाली चोरी रोक ली। दरअसल, हुआ यूं कि बैंक अधिकारी के घर में सीसीटीवी कैमरा लगा हुआ था उसके साथ स्पीकर भी लगे हुए थे। इसी के माध्यम से अलीगंज स्थित मकान में जब चोर घुसे तो इसका अलर्ट बैंक अधिकारी के पास पहुंच गया। इसके बाद अधिकारी ने आवाज निकालकर कहा कि पुलिस आने वाली है भाग जाओ। चोरों ने जब यह आवाज सुनी तो वह बिना चोरी किए मौके से भाग गए। इसके बाद पीड़ित ने अपने भाई को सूचना दी।

lucknow news in hindi : चोरों का मकान में घुसना और अलर्ट का मिलना, मोबाइल से दी गई चेतावनी
अलीगंज के सेक्टर सी में रहने वाले चेतन सोनकर एक राष्ट्रीय बैंक में अधिकारी हैं। हाल ही में उनका स्थानांतरण बेंगलुरू हो गया है। इसके बाद वह परिवार के साथ बेंगलुरू में ही रह रहे हैं। उनका एक मकान अलीगंज में भी है जो खाली पड़ा है। उक्त वारदात चार दिसंबर की है जो अब प्रकाश में आई है। इसके अनुसार पीड़ित के घर में बांका और कुल्हाड़ी लेकर पांच चोर घुसे थे। उन्होंने चोरी के इरादे से घर में सामान इधर उधर करना शुरू किया।

इतने में सीसीटीवी कैमरे के माध्यम से चेतन के पास अलर्ट पहुंचा। उन्होंने तत्काल घर में लगे स्पीकर से आवाज निकाली और कहा कि जल्दी से यहां से भागो, वरना पुलिस आ जाएगी। कई बार उन्होंने यह बात दोहराई। चोरों ने जब यह सुना तो वह डर गए। बिना चोरी किए ही सारे चोर घर से भाग गए।
lucknow news in hindi : रिश्तेदार ने दर्ज कराई FIR, जांच जारी
घटना के बाद चेतन ने इसकी जानकारी अपने लखनऊ निवासी रिश्तेदारों को दी। इसके बाद फुफेरे भाई साहिल भारती ने पुलिस से लिखित शिकायत की है। शिकायत के बाद पुलिस ने केस दर्ज कर सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश शुरू की है। इंस्पेक्टर विनोद तिवारी ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज और सर्विलांस की मदद से आरोपियों को पकड़ने के प्रयास किए जा रहे हैं। मुखबिरों को भी लगाया गया है। जल्द ही आरोपियों को पकड़ा जाएगा।
सीसीटीवी कैमरे से मिल सकता है सुरक्षा का अलर्ट
यह घटना बताती है कि सीसीटीवी कैमरे केवल रिकॉर्डिंग के लिए ही नहीं बल्कि सक्रिय सुरक्षा के लिए भी उपयोगी हो सकते हैं। अगर सीसीटीवी में इंटरनेट कनेक्शन हो और उसे एक एप के माध्यम से मोबाइल से जोड़ा जाए, तो किसी भी संदिग्ध गतिविधि का अलर्ट सीधे आपके मोबाइल पर आ सकता है।
कैसे करें तकनीक का उपयोग
सीसीटीवी कैमरा लगाएं : अपने घर या ऑफिस में इंटरनेट-सक्षम सीसीटीवी कैमरा लगवाएं।
मोबाइल एप से जोड़ें : कैमरे को एक एप के जरिये अपने स्मार्टफोन से कनेक्ट करें।
स्पीकर इंस्टॉल करें : स्पीकर सिस्टम को भी सेट करें ताकि आप अपनी आवाज चोरों तक पहुंचा सकें।
रियल-टाइम अलर्ट : किसी भी गतिविधि का तुरंत अलर्ट मोबाइल पर प्राप्त करें।
सुरक्षा के लिए नई राह
यह घटना तकनीक के माध्यम से घरों को सुरक्षित रखने का उदाहरण है। अगर सही तरीके से तकनीक का उपयोग किया जाए, तो यह चोरी और अन्य अपराधों को रोकने में बेहद प्रभावी हो सकता है।









