Bhilwara News: राजस्थान के भीलवाड़ा शहर में गौवंश की दुर्दशा का मामला सामने आया है। कुवाड़ा खान के पास स्थित अंजुमन स्कूल के पीछे एक खाली प्लॉट में कथित तौर पर मांस और हड्डियां फेंकी हुई मिलीं। यहां गौमाता और नंदी महाराज उस मांस को भोजन समझकर खाते नजर आए। घटना की जानकारी मिलने पर गौसेवकों में आक्रोश फैल गया।

सूचना मिलने पर श्री राम गौसेवा समिति के राम लखन विकास, शिव सिंह, पवन जी, करण जी सहित अन्य गौसेवक मौके पर पहुंचे। उन्होंने गायों को मांस से दूर हटाया और मामले की सूचना पुलिस को दी।
मोहल्लेवासियों ने आयोजनों के बाद मांस फेंकने का लगाया आरोप
स्थानीय मोहल्लेवासियों के अनुसार, सरकारी स्कूलों में आयोजन बंद होने के बावजूद यहां कथित तौर पर नॉनवेज कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं। उनका आरोप है कि कार्यक्रमों के बाद बचा हुआ मांस और हड्डियां पास स्थित खाली प्लॉट में फेंक दी जाती हैं, जिसे गौवंश भोजन समझकर खा लेता है।
गौसेवा समिति ने की कार्रवाई की मांग
श्री राम गौसेवा समिति ने ऐसे आयोजनों पर रोक लगाने और खुले स्थानों पर मांस व हड्डियां फेंकने की घटनाओं को रोकने की मांग की है। समिति का कहना है कि बचे हुए मांस और अन्य खाद्य अपशिष्ट का उचित तरीके से निस्तारण किया जाना चाहिए, ताकि गौवंश उसे खाकर बीमार न पड़े और भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
गौसेवकों ने संबंधित अधिकारियों से मामले की जांच कर आवश्यक कदम उठाने की मांग की है, जिससे शहर में गौवंश की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके और सार्वजनिक स्थानों पर इस तरह से मांस फेंकने पर रोक लगाई जा सके।









