Maharashtra Politics: कांग्रेस को बड़ा झटका! मिलिंद देवड़ा ने दिया पार्टी से इस्तीफा

Maharashtra Politics: कांग्रेस को बड़ा झटका! मिलिंद देवड़ा ने दिया पार्टी से इस्तीफा
Facebook
X
WhatsApp

Maharashtra Politics: लोकसभा चुनाव से पहले महाराष्ट्र (Maharashtra Politics) में कांग्रेस को बड़ा झटका लगा है। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता मिलिंद देवड़ा ने पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया है। मिलिंद देवड़ा के पहले ही कांग्रेस छोड़कर एकनाथ शिंदे की अगुवाई वाली शिवसेना में शामिल होने की संभावना जताई जा रही थी मगर एक दिन पूर्व ही देवड़ा ने इन अटकलों को खारिज कर दिया था।

वैसे अब ये अटकलें सही साबित हुई हैं। मिलिंद देवड़ा ने कांग्रेस के साथ 55 साल पुराने रिश्ते को खत्म करने का ऐलान कर दिया है। मिलिंद देवड़ा मुंबई दक्षिण लोकसभा सीट से चुनाव लड़ना चाहते हैं मगर इस सीट पर शिवसेना के उद्धव गुट ने दावेदारी जताई है। कांग्रेस की ओर से इस बाबत कोई ठोस कदम न उठाए जाने के बाद देवड़ा ने नाराजगी में पार्टी से इस्तीफा दे दिया है। अब देवड़ा आज शिंदे गुट में शामिल होंगे।

Maharashtra Politics: परिवार का 55 साल पुराना रिश्ता खत्म

मिलिंद देवड़ा ने सोशल मीडिया के जरिए कांग्रेस के साथ अपना रिश्ता खत्म करने का ऐलान किया। उन्होंने एक्स पर अपनी पोस्ट में लिखा कि आज मेरी राजनीतिक यात्रा के एक महत्वपूर्ण अध्याय का समापन हुआ। कांग्रेस की प्राथमिक सदस्यता से मैंने अपना त्यागपत्र दे दिया है। पार्टी के साथ मेरे परिवार का 55 साल पुराना रिश्ता ख़त्म। मैं वर्षों से उनके अटूट समर्थन के लिए सभी नेताओं, सहकर्मियों और कार्यकर्ताओं का आभारी हूं।

इससे पहले शनिवार को मिलिंद देवड़ा ने कांग्रेस छोड़ने की खबरों को गलत बताया था। उन्होंने एकनाथ शिंदे की अगुवाई वाले शिवसेना में शामिल होने की संभावना का भी खंडन किया था। उनका कहना था कि इन खबरों में तनिक भी दम नहीं है। हाल में कांग्रेस की ओर से वर्किंग कमेटी का ऐलान किया गया था। उस समय पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने देवड़ा को संयुक्त कोषाध्यक्ष की जिम्मेदारी दी थी। हालांकि यह जिम्मेदारी मिलने के 20 दिन बाद ही देवड़ा ने कांग्रेस से अपना नाता तोड़ लिया।

कांग्रेस से इस्तीफा देने के बाद आज मिलिंद देवड़ा मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे की अगुवाई वाले शिवसेना में शामिल होंगे। इसके लिए आज मुख्यमंत्री आवास पर एक कार्यक्रम आयोजित किया गया है। मुख्यमंत्री शिंदे की मौजूदगी में देवड़ा उनकी पार्टी का दामन थामेंगे। देवड़ा के अलावा 10 पूर्व पार्षद और 20 अन्य पदाधिकारी भी शिंदे गुट का दामन थामेंगे।

मिलिंद देवड़ा के इस्तीफा को कांग्रेस के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है। देवड़ा परिवार लंबे समय से पूरी मजबूती के साथ कांग्रेस से जुड़ा रहा है। कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने इसी की याद दिलाते हुए कहा कि मैं मिलिंद के पिता मुरली देवड़ा के साथ अपने वर्षों के जुड़ाव को बड़े चाव से याद करता हूं। वे हर मुश्किल स्थिति में भी पूरी मजबूती के साथ कांग्रेस से जुड़े रहे।दूसरी ओर भाजपा नेता अमित मालवीय ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर हमला करते हुए कहा कि न्याय यात्रा निकालने से पूर्व उन्हें अपनी पार्टी के नेताओं के साथ न्याय करना चाहिए।

मिलिंद देवड़ा की नाराजगी का कारण

मुंबई दक्षिण लोकसभा क्षेत्र पर शिवसेना (यूबीटी) की ओर से दावा करने पर हाल ही में देवड़ा ने नाराजगी जाहिर की थी। दक्षिण मुंबई सीट से चार बार मिलिंद देवड़ा के पिता मुरली देवड़ा भी सांसद रह चुके हैं। वे मुंबई कांग्रेस के अध्यक्ष भी लंबे समय तक रहे। मिलिंद भी मुंबई कांग्रेस के अध्यक्ष रह चुके हैं। वे मनमोहन सरकार में मंत्री भी रहे हैं।

मुंबई दक्षिण लोकसभा सीट से सीट से दो बार भाजपा के टिकट पर जयवंती बेन मेहता चुनाव जीती थीं, लेकिन 2014 में शिवसेना के साथ सीटों के बंटवारे में यह सीट शिवसेना के हिस्से में गई। तब से अरविंद सावंत यहां से दो बार जीत चुके हैं। मिलिंद देवड़ा को इस बात का एहसास हो गया था कि इस सीट से शिवसेना (यूबीटी) का वर्तमान सांसद होने के कारण कांग्रेस यह सीट पाने के लिए अधिक दबाव नहीं बना पाएगी। कांग्रेस की ओर से उन्हें इस बाबत कोई ठोस आश्वासन नहीं मिल रहा था। इस कारण उन्होंने आखिरकार पार्टी से इस्तीफा देने का फैसला कर लिया।

https://youtu.be/Wx3pTMC4TUo?si=7mCRsihXBx_ZPZl3

The specified slider does not exist.

ताजा खबरें