Mainpuri Loksabha By Election: भाजपा आज तय करेगी प्रत्याशियों के नाम, अपर्णा यादव के नाम पर लग सकती है मुहर

Facebook
X
WhatsApp

उत्तर प्रदेश में दो विधानसभा और मैनपुरी लोकसभा उप चुनाव की अधिसूचना जारी होने के बाद अब पार्टी प्रत्याशी तय करने में लगी है। इन तीनों सीट पर भी सीधी टक्कर मानी जा रही है। समाजवादी पार्टी ने गुरुवार को मैनपुरी से पूर्व सांसद डिंपल यादव को प्रत्याशी घोषित किया है। भारतीय जनता पार्टी भी आज अपने प्रत्याशियों का नाम तय कर सकती है। भाजपा की कोर कमेटी की नई दिल्ली में होने वाली बैठक में नाम पर मुहर लगेगी।

उत्तर प्रदेश में मैनपुरी के साथ ही रामपुर तथा खतौली में पांच दिसंबर को होने वाले उप चुनाव को लेकर कांग्रेस तथा बसपा के किनारा करने के बाद अब भारतीय जनता पार्टी और समाजवादी पार्टी के बीच सीधी टक्कर तय मानी जा रही है। समाजवादी पार्टी ने मुजफफरनगर की खतौली सीट तो सहयोगी राष्ट्रीय लोकदल के लिए छोड़ दी है तो माना जा रहा है कि रामपुर में आजम खां ही प्रत्याशी तय करेंगे। मैनपुरी में होने वाले उप चुनाव में समाजवादी पार्टी ने डिंपल यादव को प्रत्याशी घोषित किया है।

भारतीय जनता पार्टी भी शुक्रवार को अपने प्रत्याशी तय कर सकती है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की बैठक में शुक्रवार को उपचुनावों को लेकर क्या फैसला होता है, इस पर सबकी नजरें टिकी हुई हैं। भारतीय जनता पार्टी अपर्णा यादव को इन उपचुनावों में मौका देती है नहीं, इसका जवाब शुक्रवार को मिलने की उम्मीद है।
मुजफ्फरनगर की खतौली और रामपुर की रामपुर सदर सीट विधानसभा सीट पर पार्टी को गहरा मंथन करना पड़ सकता है। मैनपुरी को लेकर भारतीय जनता पार्टी बेहद गंभीर है। पार्टी का लक्ष्य यहां पर समाजवादी पार्टी का एकाधिकार तोड़ने का है।

माना जा रहा है कि भाजपा यहां से समाजवादी पार्टी के संरक्षक मुलायम सिंह यादव की छोटी बहू अपर्णा यादव को जेठानी डिंपल यादव के सामने उतार सकती है। अपर्णा यादव गुरुवार को लखनऊ में थीं, जबकि शुक्रवार सुबह नई दिल्ली रवाना हो गईं। उन्होंने कल लखनऊ में भाजपा उत्तर प्रदेश के अध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह चौधरी से भी मुलाकात की थी। जिससे तो अटकलें तेज हो गईं कि उन्हें मैनपुरी उपचुनाव के लिए पार्टी के उम्मीदवार के रूप में पेश किया जा सकता है।

मैनपुरी लोकसभा क्षेत्र यादव और शाक्य बहुल है। यहां पर ठाकुर मतदाता भी प्रभावी भूमिका में हैं। यहां से अपर्णा यादव के अलावा इटावा के पूर्व सांसद रघुराज सिंह शाक्य, पूर्व विधायक ममतेश शाक्य, पिछला लोकसभा चुनाव लडऩे वाले प्रेम सिंह शाक्य, पार्टी के लोकसभा संयोजक प्रदीप राज चौहान और जिलाध्यक्ष प्रदीप सिंह के नाम भी चर्चा में हैं। सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव के चचेरे भाई धर्मेन्द्र यादव के बहनोई अनुजेश प्रताप यादव भी भाजपा के टिकट के दावेदारों में शामिल हैं।

The specified slider does not exist.

ताजा खबरें