Mathura: यमुना एक्सप्रेसवे पर स्लीपर बस पलटी, हादसे में 10 लोग घायल

Facebook
X
WhatsApp

मथुरा के थाना नौहझील क्षेत्र में बुधवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। हादसे में करीब दस लोगों के घायल होने की खबर है। बताया जाता है कि ये स्लीपर बस बुधवार तड़के यमुना एक्सप्रेसवे के रास्ते से होते हुए कानपुर से दिल्ली जा रही थी। सुबह करीब चार बजे माइलस्टोन 67 के पास अचानक बस का टायर फट गया, जिससे बस अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसा होते ही सवारियों में चीख पुकार मच गई। राहगीरों ने मौके पर सूचना थाना नौहझील पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और सभी घायलों कसे कड़ी मशक्कत के बाद बस से निकालकर सीएचसी अस्पताल भिजवाया।

बताया जाता है कि स्लीपर बस में करीब 58 सवारियां भरी हुई थीं। हादसा बहुत भीषण था। लेकिन गनीमत रही कि बस एक्सप्रेसवे से नीचे नहीं गिरी। हालांकि हादसे में दस लोग घायल हो गए हैं। उधर हादसे के बाद एक्सप्रेसवे पर चीख-पुकार मच गई। सूचना के बाद पहुंची नौहझील पुलिस ने यमुना एक्सप्रेसवे कर्मियों की मदद से घायलों को सीएचसी नौहझील पहुंचाया गया। हादसे में मोहित प्रजापति निवासी कानपुर नगर, सचिन कुमार निवासी कानपुर देहात, विमल पोरवाल निवासी औरैया, कुंवर बहादुर सिंह निवासी फर्रुखाबाद, हिमांशु यादव, मोना शर्मा, गोलू यादव, प्रीति यादव, अजहर व अमीन खान घायल हुए हैं।
अन्य सवारियों को दूसरी बस से भेजा गया
उधर, थाना प्रभारी निरीक्षक प्रदीप कुमार यादव ने हादसे की जानकारी देते हुए बताया कि बस में करीब 58 सवारियां बैठी थी। बस सभी को लेकर यमुना एक्सप्रेसवे के रास्ते से होते हुए कानपुर से दिल्ली जा रही थी। तभी रास्ते में बस का टायर फटने से ये हादसा हो गया। उन्होंने बताया कि सभी घायलों का उपचार चल रहा है। बस की अन्य सवारियों को दूसरी बस की मदद से उनके गंतव्य तक भेजा गया है। क्रेन से बस को एक्सप्रेसवे से हटाकर यातायात सुचारू कराया गया है।

The specified slider does not exist.

ताजा खबरें