Sonbhadra: आदित्य बिड़ला इण्टरमीडिएट कॉलेज रेणुकूट में शिक्षक दिवस समारोह आयोजित

Facebook
X
WhatsApp

Sonbhadra: रेणुकूट। हिण्डाल्को द्वारा संचालित आदित्य बिड़ला इंटरमीडिएट कॉलेज, रेणुकूट में शिक्षक दिवस बड़े हर्षोल्लास और उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर विद्यार्थियों ने अपने गुरुजनों के सम्मान में रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि मानव संसाधन प्रमुख एवं विद्यालय के प्रबंधक श्री अजय कुमार सिन्हा, विद्यालय के प्रधानाचार्य श्री दयानंद शुक्ल तथा उप-प्रधानाचार्य श्री विजय भागवत पाटिल ने मां सरस्वती की प्रतिमा एवं भारत के पूर्व राष्ट्रपति और भारत रत्न डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन कर किया।

इसके बाद विद्यालय परिवार के सभी सदस्यों ने डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन को श्रद्धासुमन अर्पित किए। प्रधानाचार्य ने मुख्य अतिथि का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया। वहीं उप-प्रधानाचार्य ने प्रधानाचार्य का स्वागत किया तथा शिक्षक सुधीर कुमार नायक ने उप-प्रधानाचार्य को पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया। इसके पश्चात प्रधानाचार्य द्वारा उद्घोषणा के साथ कार्यक्रम की औपचारिक शुरुआत की गई।

Also Read -Bigg Boss 20: बिग बॉस 20 में मैरी कॉम ने मणिपुर के हालात पर की बात कहा- मैं शर्मिदा हूँ

इस अवसर पर छात्रा गरिमा जायसवाल ने शिक्षक दिवस के महत्व और गुरु के जीवन में योगदान पर अपने विचार व्यक्त किए। विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत स्वागत नृत्य ने कार्यक्रम में उत्साह का संचार किया, वहीं छात्र-छात्राओं के समूह गान ने जमकर तालियां बटोरीं। विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत कव्वाली, हास्य नाटिका और मनमोहक समूह नृत्य ने उपस्थित अतिथियों एवं शिक्षकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।

कार्यक्रम के अंत में मुख्य अतिथि श्री अजय कुमार सिन्हा ने विद्यालय परिवार के सभी सदस्यों को उपहार कूपन देकर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि उत्कृष्ट समाज और सशक्त राष्ट्र का निर्माण शिक्षकों के बिना संभव नहीं है। शिक्षक के मार्गदर्शन के बिना किसी भी व्यक्ति के लिए सफलता की ऊंचाइयों तक पहुंचना कठिन है। आज के युग में शिक्षक होना केवल सम्मान ही नहीं, बल्कि गौरव की भी बात है।

प्रधानाचार्य श्री दयानंद शुक्ल ने सभी को शिक्षक दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि शिक्षक ही समाज का वह महत्वपूर्ण व्यक्ति है, जो बिना किसी स्वार्थ के राष्ट्र के प्रत्येक नागरिक को सही दिशा दिखाने के लिए सदैव तत्पर रहता है।

उप-प्रधानाचार्य श्री विजय भागवत पाटिल ने भी शिक्षक दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि शिक्षकों के बिना कोई भी राष्ट्र प्रगति नहीं कर सकता। शिक्षक ही आने वाली पीढ़ी को ज्ञान, संस्कार और सही मार्गदर्शन देकर देश के भविष्य को मजबूत बनाते हैं।

Also Read –Sonbhadra: बोल बम सेवा समिति के सदस्यों द्वारा वृद्धाश्रम मे वृद्धजनों को मच्छरदानी वितरित किया गया

विद्यालय की सत्र 2026-27 के लिए गठित बाल संसद द्वारा इस कार्यक्रम का संयोजन किया गया। कार्यक्रम का संयुक्त संचालन छात्रा प्रमुख खुशी सिंह एवं उप-छात्रा प्रमुख अमृता कुमारी ने किया। वहीं छात्र प्रमुख दीपक यादव एवं छात्रा प्रमुख खुशी सिंह ने सभी अतिथियों और उपस्थित लोगों के प्रति धन्यवाद ज्ञापित किया।

राष्ट्रगान एवं सामूहिक भोजन के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ। शिक्षक दिवस समारोह को सफल बनाने में विद्यालय परिवार के सभी सदस्यों का सहयोग सराहनीय रहा। पूरे आयोजन में विद्यार्थियों का उत्साह और अपने गुरुजनों के प्रति सम्मान विशेष रूप से देखने को मिला।

The specified slider does not exist.

ताजा खबरें